Ghaziabad News: दोपहर में झुलसा रही धूप, भीषण गर्मी के प्रकोप से बढ़ी कूलर की बढ़ी डिमांड

Ghaziabad News: बदलते मौसम का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मौसमी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। तेज धूप एवं गर्मी की वजह से दोपहर के समय आवासीय कॉलोनियों में सन्नाटा पसरा दिख रहा है,

Report :  Neeraj Pal
Update: 2024-04-30 08:30 GMT

आज का मौसम (Pic: Social Media)

Ghaziabad News: गाजियाबाद शहर में भीषण गर्मी का प्रकोप निरंतर बढ़ता जा रहा है। तापमान में वृद्धि से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को गाजियाबाद का अनुमानित अधिकतम तापमान बढ़ा है। साथ ही गर्मी बढ़ने से कूलर एवं एसी का प्रयोग भी बढ़ गया है। बढ़ती गर्मी ने नागरिकों को परेशान कर रखा है। सुबह से देर शाम तक तपिश की मार से जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है।

गाजियाबाद में मंगलवार दोपहर में 37 डिग्री गर्मी में घर से बाहर निकलने में हालत खराब हो रही है। गर्मी ने नागरिकों को व्याकुल कर रखा है। प्रचंड गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस में और बढ़ोत्तरी होने की संभावना जाहिर की गई है। इसके अलावा अगले कुछ दिन में आंधी एवं बारिश आने की भी संभावना है। लेकिन फिलहाल गर्मी ने अपना रौद्र रूप दिखा रखा है। दोपहर में आसमान से आग बरसने जैसे हालात उत्पन्न हो रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए नागरिक विभिन्न उपाय करने को विवश हैं। पंखे, कूलर एवं एसी का प्रयोग बढ़ने से बिजली की डिमांड में भी उछाल आया है।

बदलते मौसम का स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। मौसमी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। तेज धूप एवं गर्मी की वजह से दोपहर के समय आवासीय कॉलोनियों में सन्नाटा पसरा दिख रहा है, जबकि मुख्य बाजारों में भी चहल-पहल देखने को नहीं मिल रही है। चौपला मंदिर, घंटाघर, बजरिया, दिल्ली गेट, डासना गेट, जटवाड़ा, मालीवाड़ा, सिहानी गेट, तुराबनगर, अम्बेडकर रोड, राकेश मार्ग, प्रताप विहार, पुराना विजय नगर, नंदग्राम आदि बाजारों में दोपहर के समय ग्राहक नदारद रहे। वहीं, जनपद समेत पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है, जो 30 अप्रैल तक चलेगा। अभियान के दौरान संचारी रोगों के अलावा गर्मी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। 

Tags:    

Similar News