Ghaziabad News: किसानों और गरीबों का उत्थान नहीं कर पाई भाजपा: मायावती

Mayawati In Ghaziabad: बसपा प्रत्याशी ठाकुर नंद किशोर पुंडीर के समर्थन में कविनगर रामलीला मैदान में मायावती ने जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा।

Report :  Neeraj Pal
Update: 2024-04-21 13:28 GMT

जनसभा को संबोधित करती मायावती। (Pic: Social Media)

Ghaziabad News: बसपा प्रत्याशी ठाकुर नंद किशोर पुंडीर के समर्थन में कविनगर रामलीला मैदान में आई बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि जुमलेबाजी अब काम नहीं आने वाली है। जनता अच्छे दिन आने के सपनों की असलियत जान चुकी है। भाजपा इस बार केंद्र में वापस नहीं आने वाली है। यदि चुनाव में गड़बड़ी नहीं हुई, साफ-सुथरे ढंग से निष्पक्ष चुनाव हुआ तो भाजपा दोबारा आने वाली नहीं है।

भाजपा कर रही क्षत्रिय समाज की उपेक्षा

उन्होंने कहा एक तरफ सरकार देश व प्रदेश से गरीबी हटाने की बात करती है तो दूसरी ओर 80 करोड़ लोगों को राशन देकर खुद की कथनी करनी की पोल खोल रही है। राशन से लोगों का भला होने वाला नहीं है। काम देने से ही जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समाज के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं, लेकिन दुख की बात है कि भाजपा व अन्य दल जो अपने आप को क्षत्रियों का हिमायती कहते हैं।

इस बार लोकसभा चुनाव में खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समाज के लोगों को किसी भी पार्टी ने टिकट नहीं दिया। भाजपा ने उनकी उपेक्षा की है, लेकिन बसपा एक ऐसी पार्टी है, जिसने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अन्य समाज के साथ क्षत्रिय समाज का भी आदर और सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि टिकट बंटवारे में भी उन्हें उचित भागीदारी दी है। कई टिकट क्षत्रिय समाज को दिए हैं, गाजियाबाद इसका जीता जागता उदाहरण है। यहां समाज के नंदकिशोर पुंडीर को टिकट दिया गया है। पंजाबी समाज से जितेंद्र कालरा को लखीमपुर खीरी से टिकट दिया है। गुर्जर समाज से बागपत में टिकट दिया है।


सरकार ने किसानों पर नहीं दिया ध्यान

मायावती ने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार ने पूर्व में केंद्र में सत्ता में रही कांग्रेस सरकार की तरह किसानों पर ध्यान नहीं दिया। भाजपा की जातिवादी, सांप्रदायिक और पूंजीवादी सोच और नीतियां किसानों का उत्थान नहीं कर पाई हैं। गरीब, आदिवासी, दलित, मुस्लिम और समाज के अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के स्तर को सुधारने और उनके कल्याण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए। उत्तर प्रदेश में चार बार बसपा सरकार रही और उन सरकारों ने किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम दिया, किसानों का भला किया। लेकिन मौजूदा सरकार की गलत कृषि नीतियों के चलते किसान आंदोलित रहता है। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने पर सभी वर्गों का विकास किया जाएगा। सर्वजन के साथ आदिवासी, मुस्लिम, दलित एवं अन्य धार्मिक व अल्पसंख्यक लोगों के उत्थान के साथ-साथ जरूरी कदम उठाए जाएंगे। देश के महापुरुषों और महात्माओं का सम्मान जारी रहेगा।

Tags:    

Similar News