बदली हुई परिस्थिति में निवेश का अच्छा सुअवसर: CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 रिस्पाॅन्स-एन इण्डस्ट्रियल रिवाइवल स्ट्रैटजी पर केन्द्रित प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाॅक डाउन के चलते वर्तमान में प्रदेश की अधिकांश औद्योगिक गतिविधियां रुकी हुई हैं।

Update: 2020-04-26 07:01 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 रिस्पाॅन्स-एन इण्डस्ट्रियल रिवाइवल स्ट्रैटजी पर केन्द्रित प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लाॅक डाउन के चलते वर्तमान में प्रदेश की अधिकांश औद्योगिक गतिविधियां रुकी हुई हैं। उन्होंने कहा कि लाॅक डाउन की समाप्ति के उपरान्त इन्हें पुनः चालू करने के लिए एक ठोस प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह प्रस्ताव पूरी सकारात्मकता के साथ बनाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदली हुई वैश्विक परिस्थितियों में भारत अब निवेश का एक अच्छा गंतव्य हो सकता है। इसमें उत्तर प्रदेश बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसलिए निवेशकों को यह संदेश मिलना चाहिए कि उत्तर प्रदेश में निवेश बहुत लाभकारी साबित हो सकता है। सभी निवेशकों की समस्याओं का त्वरित निदान सुनिश्चित किया जाए। मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को सक्रिय करने, प्रस्तावित इकाइयों को धरातल पर उतारने और नये निवेश को आकर्षित करने के लिए रणनीति बनायी जाए। निवेशकों की समस्याओं को तत्काल शासन के संज्ञान में लाया जाए।

यह भी पढ़ें...आइसोलेशन वार्ड में लड़की समेत तीन कोरोना संदिग्ध मरीजों की मौत, मचा हड़कंप

मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा औद्योगिक इकाइयों को फिर से चालू करने के लिए एक प्रभावी योजना बनायी जाए। उन्होंने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में मौजूद विभिन्न नीतियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रम कानूनों की समीक्षा करने और उनमें सुधार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सम्भावित निवेशकों की आवश्यकताओं के मद्देनजर लैंड बैंक बनाने पर बल देते हुए कहा कि भूमि अधिग्रहण की नई नीति पर भी विचार हो। प्रदेश में मौजूद सिक यूनिट्स की समीक्षा करते हुए उनकी ग्राह्यता पर विचार किया जाए। इनकी भूमि का बेहतर इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है, इस पर भी फोकस किया जाए। उन्होंने बीमार इकाइयों पर निर्णय लेने के भी निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें...मौलाना साद यूट्यूब चैनल पर देता था भड़काऊ भाषण? अगर सच निकला तो…

मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों को पुनः चालू करने के लिए वित्तीय व्यवस्थाओं पर भी फोकस करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फार्मा सेक्टर में अपार सम्भावनाएं मौजूद हैं। अतः इस पर पूरा ध्यान दिया जाए। उन्होंने लखनऊ में फार्मा पार्क स्थापित करने की सम्भावनाएं तलाशने के लिए भी कहा है।

यह भी पढ़ें...PM मोदी की ‘मन की बात’: कोरोना ने बदला नजरिया, दुनिया कह रही Thank You

मुख्यमंत्री के समक्ष अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक टण्डन ने प्रस्तुतीकरण देते हुए उन्हें इण्डस्ट्रियल रिवाइवल स्ट्रैटजी के विषय में अवगत कराया। इसके तहत मौजूदा उद्योगों, एग्जिस्टिंग इन्वेस्टमेंट पाइपलाइन तथा नये निवेशों के विषय में जानकारी दी। उन्होंने मौजूदा उद्योगों के लिए भारत सरकार की योजनाओं के तहत उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित करने की योजना पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न राज्यों से उत्तर प्रदेश लौटे श्रमिकों के सेवायोजन के सम्बन्ध में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि उद्योगों को चालू करने के लिए नियमों में छूट देने पर भी विचार किया जा सकता है।

रिपोर्ट: श्रीधर अग्निहोत्री

Tags:    

Similar News