Gorakhpur News: बोलने-सुनने में असमर्थ गोरखपुर की आदित्या यादव को मिलेगा राष्ट्रीय बाल पुरस्कार

Gorakhpur News: आदित्या यादव और उनके अभिभावकों के लिए 20 से 26 जनवरी तक ठहरने की व्यवस्था मंत्रालय द्वारा की गई है। आदित्या बाल पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद 23 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल में भी शामिल होंगी।

Update:2024-01-19 09:16 IST

पीएम नरेंद्र मोदी के साथ आदित्या यादव (फाइल फोटो-सोशल मीडिया)

Gorakhpur News: सुनने और बोलने में असमर्थ होने के बाद भी देश-दुनिया में भारत के लिए कई स्वर्ण पदक जीतने वाली गोरखपुर की बैडमिंटन सनसनी आदित्या यादव को वर्ष 2024 के प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने इसकी सूचना आदित्या के पिता को दी है। इस सूचना के बाद परिवार ही नहीं कोच और साथियों उल्लास का माहौल है।

आदित्या यादव और उनके अभिभावकों के लिए 20 से 26 जनवरी तक ठहरने की व्यवस्था मंत्रालय द्वारा की गई है। आदित्या बाल पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद 23 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस परेड के फुल ड्रेस रिहर्सल में भी शामिल होंगी। महज 12 वर्ष की उम्र में वर्ष 2022 में उन्होंने देश के लिए ब्राजील डेफ ओलंपिक में न सिर्फ प्रतिभाग किया बल्कि टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहीं। वर्ष 2022 में ही ब्राजील में आयोजित डेफ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी भारत को पांच पदक दिलाने में उनकी भूमिका अहम रही थी। अब नॉर्मल कैटेगरी में भी देश के लिए तैयारी कर रही हैं। आदित्या जन्म से ही सुन-बोल नहीं पातीं। उनके पिता दिग्विजयनाथ यादव एनई रेलवे में बैडमिंटन के कोच हैं। दिग्विजयनाथ ने परिस्थितियों का रोना रोने के बजाय बेटी के लिए संघर्ष का रास्ता चुना। महज पांच वर्ष की उम्र में बैडमिंटन का रैकेट थमा दिया। आदित्या ने एक बार रैकेट थामा तो बैडमिंटन ही उसकी दुनिया बन गई। 14 वर्षीय आदित्या इस समय योनेक्स सनराइज एकेडमी क्लब, नई दिल्ली में तीन महीने के विशेष प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग कर रही हैं। मूकबधिर आदित्या नॉर्मल कैटेगरी में अंडर 17 में उत्तर प्रदेश की डबल्स में नंबर वन और सिंगल्स में नंबर 2 खिलाड़ी हैं।

20 जनवरी को दिल्ली जाएगी आदित्या

आदित्या, उनके पिता दिग्विजयनाथ और माता अंकुर यादव को 20 जनवरी को दिल्ली बुलाया गया है। आदित्या इस समय दिल्ली में ही प्रशिक्षण ले रही हैं। बाल पुरस्कार के लिए चयनित होने की खबर के बाद घर में जश्न का माहौल है। उपलब्धि पर पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के अध्यक्ष श्रीश चन्द्र श्रीवास्तव, महासचिव पंकज कुमार सिंह, चन्द्र विजय सिंह, बैडमिंटन कोच संजीत प्रधान, आले हैदर, बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष मंकेश्वरनाथ पाण्डेय, सचिव, राजित श्रीवास्तव, लेविंस एकेडमी के रेमी चन्द्रा आदि ने बधाई व शुभकामनाएं दी है।

Tags:    

Similar News