Gorakhpur News: सीएम के जनता दरबार में आंखों में आंसू लेकर महिलाओं ने बयां किया दर्द, सभी की एक शिकायत, कार्रवाई नहीं हो रही

Gorakhpur News: सीएम योगी ने जनता दर्शन के दौरान मौजूद जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर को सख्त लहजे में चेताया कि लोगों की फरियाद तहसील और थाने स्तर पर ही सुनी जाएं।

Update: 2024-07-22 03:42 GMT

मुख्यमंत्री ने सुनी लोगों की फरियाद (Video: Newstrack)

Gorakhpur News: तीन दिनों के प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दरबार में नागरिकों से मुलाकात की। फरियाद लेकर पहुंचने वालों में ज्यादातर महिलाएं थीं। ज्यादातर महिलाएं पुलिस और प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित दिखीं। महिलाओं ने आंसू भरी आंखों से अपना दर्द बयां किया। महिलाओं ने कहा, महराज जी पुलिस-प्रशासन के लोग सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इस पर सीएम ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि कार्यशैली में सुधार कर लें, वरना कार्रवाई को तैयार रहें।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था से लेकर विकास कार्यों को लेकर नकेल कसी थी। लेकिन सोमवार को जनता दरबार में उन्हें लोगों की शिकायतों को सुनना पड़ा। ज्यादातर शिकायतें अवैध कब्जा और महिला उत्पीड़न को लेकर दिखीं। महिलाओं ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि पुलिस और प्रशासन के लिए कई प्रार्थना पत्र के बाद भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जनता दर्शन के दौरान मौजूद जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर को सख्त लहजे में चेताया कि लोगों की फरियाद तहसील और थाने स्तर पर ही सुनी जाएं। जो भी लापरवाह अधिकारी हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान महिलाओं के साथ आए कुछ बच्चों को पुचकारा भी। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट देकर दुलार भी किया। बता दें कि मुख्यमंत्री जब भी जनता दरबार या फिर सार्वजनिक स्थानों पर होते हैं तो बच्चों के लिए उनके पास चॉकलेट जरूर होती है।


इलाज की व्यवस्था करें

फरियाद लेकर आने वाली महिलाओं में कईयों ने इलाज के लिए धन की मांग की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद सभी लोगों के इलाज का इस्टीमेट बनाकर उन्हें सुविधा दें। बिना इलाज के किसी की मौत नहीं होने चाहिए। इसके लिए सरकार पूरी तरह संजीदा है।

पहले सोमवार को की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सावन के पहले सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में स्थित शिवालय में पूजा-अर्चना की। उन्होंने शिवलिंग और नागदेवता का जलाभिषेक कर लोकमंगल की कामना की।



Tags:    

Similar News