Gorakhpur News: महिलाओं ने वोट देने के मामले में भी पुरुषों को पीछे छोड़ा, क्या है इसके संकेत?

Gorakhpur News: अंतिम आंकड़े के मुताबिक गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र 55.16 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें पुरुषों की भागीदारी 53.26 फीसदी, जबकि महिलाओं की 57.49 फीसदी रही।

Update: 2024-06-03 02:00 GMT

बूथों पर महिलाओं की कतार (Pic: Social Media)

Gorakhpur News: मतगणना को अब चंद घंटे ही बचे हैं। चौक चौराहों पर जीत हार को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन एक हकीकत सकून पहुंचाने वाली है। वह है महिलाओं की लोकोत्सव में भागीदारी। गोरखपुर में एक बार फिर महिलाओं ने पुरुषों के मुकाबले अधिक वोट किया है। 2019 लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी मतदान में आधी आबादी पुरुषों पर भारी है। पुरुष मतदाताओं की तुलना में ज्यादा जागरुकता दिखाते हुए महिलाओं ने वोटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अब सियासी दल महिलाओं के अधिक वोटिंग को लेकर अपने अपने तरीके से गणित बिठा रहे हैं।

अंतिम आंकड़े के मुताबिक गोरखपुर लोकसभा क्षेत्र 55.16 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें पुरुषों की भागीदारी 53.26 फीसदी, जबकि महिलाओं की 57.49 फीसदी रही। पिछले चुनाव में भी महिला वोटर पुरुषों से आगे थीं। पिपराइच क्षेत्र में सबसे ज्यादा 65.64 फीसदी महिलाओं ने वोटिंग की। इसी तरह कैंपियरगंज में 59.05, सहजनवा में 59.96, ग्रामीण में 56.08 रही। हालांकि शहर क्षेत्र में महिलाएं, पुरुषों से पिछड़ गईं। यहां पुरुषों की भागीदारी जहां 49.38 है वहीं महिलाओं की भागीदारी महज 46.28 प्रतिशत है। आंकड़ों के मुताविक बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में 51.79 फीसदी मतदान हुआ। बांसगांव लोस के चौरीचौरा में सबसे ज्यादा 62.60 फीसदी, बरहज में 59.27, रुद्रपुर में 56.66 प्रतिशत जबकि चिल्लूपार में 53.44 और बांसगांव में 52.85 फीसदी महिलाओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

सूरज को मात देकर महिलाओं ने किया वोट

सूरज की तपिश को मात देते हुए बूथों पर आधी आबादी की मजबूत दखल दिखी। फर्टिलाइजर कालोनी निवासी राजलक्ष्मी ने पहली बार ससुराल में वोट किया। राजलक्ष्मी ने बताया कि लखनऊ से सिर्फ वोट देने के लिए अवकाश लेकर आई हूं। इसी तरह बिहार की प्रियंका प्रिया ने भी पहली बार पिया के मोहल्ले आर्यनगर के सरस्वती शिशु मंदिर के बूथ पर वोट किया। सहजनवां में कालेसर में महिलाओं ने बढ़चढ़ कर वोट किया। सहजनवां के प्राथमिक स्कूल गोहटा में सुबह ही महिलाओं ने झमाझम वोट किया। इकलौते बूथ पर दिन में 11 बजे तक 598 वोट में से 225 पड़े थे। इनमें 126 महिलाओं और 90 पुरुषों ने वोट किया। युवा वोटर मुस्कान पांडेय ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र के पर्व में बढ़ती दिख रही है।  


Tags:    

Similar News