Gorakhpur News: सपा प्रत्याशी काजल निषाद का टूटा है पैर, व्हीलचेयर पर बैठकर करेंगी प्रचार, क्या ममता जैसा करिश्मा कर पाएंगी?

Gorakhpur News: सपा प्रत्याशी काजल निषाद के पैर की हड्डी टूटने से प्लास्टर लगा हुआ है। वह कहती हैं कि व्हील चेयर पर बैठ कर प्रचार करूंगी।

Update: 2024-02-01 03:31 GMT

व्हील चेयर पर सपा प्रत्याशी काजल निषाद (Social Media)

Gorakhpur News: यूपी के गोरखपुर लोकसभा सीट पर सपा की घोषित प्रत्याशी काजल निषाद व्हील चेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार करेंगी। उनके करीबी कहते फिर रहे हैं कि जिस प्रकार बंगाल में ममता बनर्जी ने भाजपा को धूल चटा दी उसी तरह काजल योगी के गढ़ में भाजपा उम्मीदवार को धूल चटाकर संसद पहुंचेगीं। काजल ममता की तर्ज पर अपने बयानों में संस्कृत में श्लोक पढ़ साबित करती दिख रही हैं कि वह भी सनातनी हैं। वह कहती हैं कि राम तो सबके अंदर है। लेकिन जब आपको नेता चुनना है तो उसकी अर्हता यह हो सकती है क्या कि वह कितनी बार अयोध्या गया? उसे कितना मंत्र याद है? नेता की शिक्षा, सामाजिक कार्य और जनता की सेवा ही अर्हता होती है। भाजपा सिर्फ लोगों में भ्रम पैदा कर रही है।

काजल कहती हैं कि गोरखपुर यदि सीएम का गढ़ है तो मेरी ससुराल भी है। यहां गंदगी साफ करने की जिम्मेदारी मेरी है। मैं यहीं रहूंगी। यहां से कभी गायब नहीं हुई। इसे छोड़कर कहीं नहीं जाउंगी। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हुए महापौर चुनाव में सत्ताधारी दल के द्वारा धांधली हुई थी। इसकी जानकारी जनता को है। जनता ही चुनाव लड़ेगी। काजल का दावा है कि वर्ष 2022 में कैम्पियरगंज का चुनाव लड़ा था तब से उस विधानसभा में सक्रिय हूं। वर्ष 2023 में महापौर का चुनाव लड़ा। उसके बाद पार्टी ने घोसी उपचुनाव और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में स्टार प्रचारक बनाया था।

9 जनवरी को टूट गई थी काजल के पैर की हड्डी

काजल निषाद के पैर की हड्डी टूटने से प्लास्टर लगा हुआ है। वह कहती हैं कि व्हील चेयर पर बैठ कर प्रचार करूंगी। भाजपा महिला को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। जनता के मुद्दों को लेकर चुनाव जीतती हूं तो बेईमानी कर हरा दिया जा रहा है। देखती हूं इस बार किसमें दम है, जो मुझे हरा सके। बता दें कि काजल का पैर बीते नौ जनवरी को टूट गया था। अभी वह बैसाखियों के सहारे चल पा रहीं हैं। पक्का प्लास्टर लग गया है।

काजल का सपा में ही विरोध

ऐसा नहीं है कि काजल निषाद के लिए सबकुछ ठीक है। पार्टी के अंदर ही उनका विरोध हो रहा है। बेतियाहाता से सपा पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा है कि यदि निषाद विरादरी को ही टिकट देना था तो राम नगीना प्रसाद साहनी से बेहतर उम्मीदवार कौन हो सकता है।  

Tags:    

Similar News