Gorakhpur News: इस पार्क में जवाहरलाल नेहरू ने दिया था भाषण, अब योगी सरकार 26 करोड़ से बदलेगी इसकी सूरत

Gorakhpur News: पंडित जवाहर लाल नेहरू पार्क को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम ने राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना में फिलहाल 26 करोड़ का प्रस्ताव बनाया है।

Update: 2024-06-30 02:44 GMT

गोरखपुर का नेहरू पार्क (Pic: Newstrack)

Gorakhpur News: पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के कार्यों को लेकर भाजपा के दिग्गजों के बयानों से खूब सुर्खियां बनती हैं। इस खट्टे मीठे रिश्तों के बीच योगी आदित्यनाथ की सरकार गोरखपुर में जवाहर लाल नेहरू की स्मृतियों से जुड़े लाल डिग्गी पार्क का जीर्णोद्धार करने जा रही है। इस पार्क के सुंदरीकरण पर 26 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 3 जून, 1940 में इसी पार्क में सभा के दौरान पंडित जवाहर लाल नेहरू को अंग्रेजी सरकार ने गिरफ्तार किया था।

राप्ती नदी के तटबंध से सटे लाल डिग्गी के पास स्थित पार्क को जवाहर लाल नेहरू का नाम देकर पूर्व मुख्यमंत्री वीर बहादुर सिंह ने लाखों रुपये खर्च किये थे। लेकिन धीरे-धीरे यह पार्क शराबियों का अड्डा बन गया। पूर्व महापौर सीताराम जायसवाल ने पार्क के जीर्णोद्धार पर 5 करोड़ से अधिक खर्च किये लेकिन स्थिति नहीं सुधरी। अब 10 एकड़ में फैले लालडिग्गी स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू पार्क को नगर निगम रामगढ़झील के बाद शहर का दूसरा सबसे आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगा। 26 करोड़ रुपये के प्रस्तावित डीपीआर के सीएम योगी आदित्यनाथ एवं प्रमुख सचिव के समक्ष प्रस्तुतिकरण के बाद डिजाइन में कुछ परिवर्तन के साथ लागत कम करने पर विचार चल रहा है।


पंडित जवाहर लाल नेहरू पार्क को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए नगर निगम ने राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना में फिलहाल 26 करोड़ का प्रस्ताव बनाया है। पार्क में टिकट और अन्य स्त्रत्तेत से नगर निगम आय भी अर्जित करेगा। इसके पूर्व दिसंबर 2023 में पीपीपी मोड पर 10 करोड़ की परियोजना बनी थी। पार्क में फूडकोर्ट, बाल वाटिका, म्यूजिक फाउंटेन, ओपेन एयर थियेटर बनेगा। इसके अलावा यहां लेजर-शो भी होंगे। पार्क में पं. नेहरू प्रतिमा स्थल के सौदर्यीकरण के साथ अमर शहीद राम प्रसाद बिस्मिल का स्मारक भी बनेगा। मण्डप, पार्किंग, टॉयलेट ब्लाक एवं यूनिरल भी बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल का कहना है कि पंडित जवाहर लाल नेहरू लालडिग्गी पार्क को बेहतरीन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। पहले इसे पीपीपी मोड पर विकसित करने की योजना थी लेकिन अब इसे राज्य स्मार्ट सिटी परियोजना अंतर्गत विकसित किया जाएगा। जल्द ही संशोधित प्रस्ताव भेजा जाएगा।

इस पार्क में सभा करने के दौरान गिरफ्तार हुए थे नेहरू

स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जब पंडित जवाहर लाल नेहरू 1940 में गोरखपुर आए तो लालडिग्गी पार्क में उनकी सभा रखी गई। सभा का शासन द्वारा विरोध हुआ तो जस्टिस इस्माइल उन्हें अपनी बग्गी पर बैठाकर पार्क तक ले आए आए। यह बात इतनी मशहूर हुई कि पार्क को ही इस्माइल साहब के नाम से जाना जाने लगा। तीन जून 1940 को भाषण देने के दौरान इसी पार्क से तत्कालीन कलेक्टर ने पंडित नेहरू गिरफ्तार किया। इस घटना के चलते ही बाद में इस पार्क का नाम नेहरू पार्क हो गया। हालांकि सबसे पहले इसका नाम लालडिग्गी था। लालडिग्गी नाम का इतिहास सतासी राजाओं से जुड़ा है। दरअसल, सतासी राजाओं के दूसरे नंबर के भाई को लाल बाबू कहा जाता है। जब सतासी राजा बसंत सिंह ने बसंतपुर किला बनवाया तो उनके छोटे भाई लाल बाबू किले के बगल में शासन में सहयोग के लिए बसे। आज के नेहरू पार्क में लाल बाबू की डिग्गी यानी पोखरा आज भी है। इसी कारण इसे लालडिग्गी नाम मिला।


Tags:    

Similar News