UP Politics: गोरखपुर की लगातार बढ़ रही सियासी ताकत, सीएम योगी के बाद पंकज चौधरी और कमलेश बने केन्द्र में मंत्री

UP Politics: सांसद पंकज चौधरी को जहां केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री की अहम जिम्मेदारी मिली है, वहीं कमलेश पासवान को ग्रामीण विकास मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है।

Update: 2024-06-11 03:28 GMT

सीएम योगी और पंकज चौधरी और कमलेश पासवान (Pic: Newstrack)

UP Politics: पूर्वांचल में अहम स्थान रखने वाले गोरखपुर की सियासी ताकत लगातार बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर से प्रदेश में दखल तो था ही, अब केन्द्र सरकार में भी मजबूत स्थिति बन गई है। गोरखपुर मंडल से पहली बार केन्द्रीय मंत्रिमंडल में दो चेहरों को जगह मिली है। मोदी 2.0 में केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को महराजगंज लोकसभा सीट से सातवीं जीत दर्ज करने के बाद लगातार दूसरी बार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वहीं गोरखपुर की बांसगांव सुरक्षित लोकसभा सीट से लगातार चार चुनाव जीतने वाले कमलेश पासवान को भी मोदी मंत्रीमंडल में जगह मिली है।

पंकज चौधरी को जहां केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री की अहम जिम्मेदारी मिली है, वहीं कमलेश पासवान को ग्रामीण विकास मंत्रालय का राज्यमंत्री बनाया गया है। महराजगंज से सांसद पंकज चौधरी को मोदी 2.0 में यूपी में 2022 के विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मंत्रीमंडल में शामिल किया गया था। कुर्मी वोटरों में पकड़ रखने वाले पंकज को मंत्रिमंडल में शामिल किये जाने का असर विधानसभ चुनाव के परिणामों में साफ दिखा था। महराजगंज लोकसभा सीट से सातवीं बार जीत हासिल करने वाले पंकज चौधरी को मोदी 3.0 मंत्रिमंडल में जगह मिली है। उन्हें केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री बनाया गया है। इसके साथ ही बांसगांव लोकसभा सीट से लगातार चौथी जीत दर्ज करने वाले कमलेश पासवान को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। वह मंत्रिमंडल में पूर्वांचल में दलित चेहरे के रूप में शामिल किये गए हैं। बांसगांव से ही सांसद रहे महावीर प्रसाद कांग्रेस की सरकारों में मंत्री रह चुके हैं। जातिगत राजनीति से सियासी ताकत बने निषाद पार्टी के मुखिया संजय निषाद भी गोरखपुर के रहने वाले हैं। वह योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।


संगठन में डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल हुए हैं ताकतवर

मंत्रीमंडल के साथ ही संगठन में भी गोरखपुर का प्रभाव साफ दिख रहा है। गोरखपुर शहर विधानसभा से 2002 से 2017 तक लगातार विधायक रहे डॉ.राधा मोहन दास अग्रवाल को भाजपा ने पहले राज्यसभा भेजा। इसके बाद राष्ट्रीय संगठन में राष्ट्रीय महासचिव पद की अहम जिम्मेदारी दी। इसके साथ ही शहर सीट से विधायक और भाजपा प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे शिव प्रताप शुक्ला को पार्टी ने हिमाचल के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश संगठन में एमएलसी डॉ.धर्मेन्द्र सिंह को प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली हुई है। वहीं कामेश्वर सिंह को संगठन ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। इसके साथ ही जय प्रकाश निषाद राज्यसभा के सांसद बनाए गए हैं। चौरीचौरा से विधायक रहीं संगीता यादव को भी भाजपा ने राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। 

Tags:    

Similar News