Gorakhpur News: भीषण गर्मी के चलते गोरखपुर में 12वीं तक के स्कूल 22 जून तक बंद, कोचिंग भी 10 से 4 बजे तक रहेंगे बंद

Gorakhpur News: पूर्वी यूपी इन दिनों सूरज की तपिश की मार झेल रहा है। पिछले डेढ़ महीने से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। इसके कारण रविवार को दिन व रात के तापमान में इजाफा हुआ है।

Update: 2024-06-17 15:04 GMT

गर्मी से अस्त व्यस्त जन जीवन। Photo- Social Media 

Gorakhpur News: पूर्वी यूपी इन दिनों सूरज की तपिश की मार झेल रहा है। पिछले डेढ़ महीने से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। इसके कारण रविवार को दिन व रात के तापमान में इजाफा हुआ है। दिन में अधिकतम तापमान अब सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस से अधिक हो गया है। इसी गर्मी को देखते हुए गोरखपुर के जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश ने इंटर तक के स्कूल को 22 जून तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। कोचिंग प्रतिष्ठान भी 10 से 4 बजे तक नहीं खुलेंगे। स्कूल और कोचिंग खोलने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई है।

पछुआ हवाएं बरपा रही कहर 

रविवार को दिन व रात में एक-एक डिग्री सेल्सियस तापमान उपर चढ़ गया। दिन का अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। दिन के चढ़ते पारे के कारण बीते एक महीने से लगातार लू के हालात बने हुए हैं। लगातार नवें दिन अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच में बना रहा है। ऊपरी वायुमंडल में चल रही पछुआ पूर्वी यूपी में पश्चिम से आ रही गर्म हवाएं कहर बरपा रही है। निचले वायुमंडल के साथ ऊपरी वायुमंडल में भी पछुआ हवाएं चल रही हैं। इसके कारण ऊपरी वायुमंडल में हवा में नमी का स्तर लगातार कम बना हुआ है। यही वजह है कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम अभी भी कमजोर है। इस सिस्टम को मजबूत होने के लिए मॉइस्चर (हवा में नमी) की जरूरत है। वह मॉइस्चर पुरवा हवाओं से मिलेगा। पछुआ हवाओं के दबाव के कारण पुरवा हवाएं असरकारक नहीं हो पा रही हैं। मॉइस्चर की कमी से बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम मजबूत नहीं हो पा रहा है।

19 जून से राहत की उम्मीद

मौसम विभाग के मुताबिक अभी अगले दो दिन तक पूर्वी यूपी के लोगों को प्रचंड गर्मी झेलनी होगी। रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रविवार को भी रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस ही था। यह सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। सोमवार को दिन का तापमान में 45 डिग्री सेल्सियस तक रहा। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो सकता है। मंगलवार को भी मौसम ऐसे ही बना रहेगा। बुधवार से आसमान में बादलों की एंट्री होगी। मौसम विशेषज्ञ केसी पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम कमजोर भले ही है लेकिन अब उसे कुछ मॉइस्चर मिल रहा है। जिसके कारण अगले 4 से 5 दिनों में बंगाल की खाड़ी में सिस्टम के मजबूत होने की उम्मीद है। इसके बाद मानसूनी हवाएं बिहार के रास्ते पूर्वी यूपी का रुख करेंगी।

Tags:    

Similar News