Hapur News: भाजपा नेता कमल त्यागी को हाईकोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज, पुलिस तलाश में जुटी

Hapur News: नेता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने देर रात दबिश दी लेकिन अभी तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

Update:2023-05-16 20:37 IST

Hapur News: गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के मंडी जवाहरगंज के भाजपा नेता कमल त्यागी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भाजपा नेता की हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है। जमानत याचिका खारिज होने के बाद भाजपा नेता की तलाश में पुलिस जुट गई है। नेता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने देर रात दबिश दी लेकिन अभी तक पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी है। गौरतलब है कि पुलिस ने सबंधित मामले में छह आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा था, जहां से सभी आरोपियों को जेल भेजा गया था।

भाजपा नेता पर क्या था आरोप

गढ़मुक्तेश्वर के नक्का कुआ रॉड पर स्थित जाट धर्मशाला में रहने वाले एक युवक ने भाजपा नेता कमल त्यागी, उनके भाई विमल त्यागी सहित सात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि भाजपा नेता कमल त्यागी विगत दो मार्च की सुबह अपने भाई विमल त्यागी, प्रदीप त्यागी, कुशल त्यागी, विकास फौजी, नेमपाल राणा, जोगेंद्र राणा व कुछ अज्ञात लोग जबरन जाट धर्मशाला में घुस आए थे और हथियारों के बल पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। आरोपियों ने धर्मशाला की दुकान पर जबरन अपना बोर्ड लगा दिया था। आरोप था कि आरोपियों ने हथियार निकालकर जान से मारने की नीयत फायर भी किया था। हंगामा होता देख मौके पर पहुंची थी, पुलिस को देखकर आरोपी वहां से भाग गए थे।

पुलिस ने तीन आरोपियों के घर किया था चस्पा नोटिस

कोतवाली पुलिस ने पूर्व में न्यायालय के आदेश पर जाट धर्मशाला प्रकरण में शामिल गांव शेराकृष्णा वाली मड़ैया में रहने वाले नेपाल सिंह,विकास व कुशल त्यागी के फरार होने पर 82 की कार्यवाही करते हुए कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया था। यदि एक महीने के भीतर तीनों आरोपित सरेंडर नहीं करते हैं, तो पुलिस कुर्की की कार्यवाही करेगी। गढ़मुक्तेश्वर सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट से भाजपा नेता कमल त्यागी की अग्रिम जमानत खारिज हो गई है। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम को लगाया गया है। आरोपी की जहां लोकेशन मिलती है, वहां छापामार कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

Tags:    

Similar News