Hardoi News: कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, शहीद कांग्रेसी कार्यकर्ता को दी श्रद्धांजलि

Hardoi News: कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष सिंह ने बताया कि हमारे साथी प्रभात कुमार पांडे जो कि लखनऊ विधानसभा घेराव के दौरान शहीद हो गए थे, उनको लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी ने शोक सभा की है और श्रद्धांजलि के तौर पर कैंडल मार्च निकाला है और सरकार से मांग की है कि उनको न्याय मिलना चाहिए।;

Report :  Pulkit Sharma
Update:2024-12-19 22:42 IST

कांग्रेस ने निकाला कैंडल मार्च, शहीद कांग्रेसी कार्यकर्ता को दी श्रद्धांजलि (NEWSTRACK)

Hardoi News: लखनऊ विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता की हुई मौत के बाद कांग्रेस में शोक की लहर है। हरदोई कांग्रेस पार्टी कार्यालय पर एकत्र होकर कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष आशीष सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी ने कैंडल मार्च निकालकर शहीद हुए कांग्रेस कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ता की मौत को शहीद का दर्जा दे रही है हालांकि उनके कैंडल मार्च से पहले ही पार्टी कार्यालय पर बड़ा बवाल भी देखने को मिला था। कांग्रेस पार्टी द्वारा शहर के प्रमुख मार्ग से शांति प्रिय तरीके से महात्मा गांधी पार्क तक कैंडल मार्च निकाला और महात्मा गांधी के तिकोनिया पार्क में एकत्र होकर कांग्रेस पार्टी के शहीद हुए कार्यकर्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के कैंडल मार्च को लेकर भारी पुलिस बल देखने को मिला।

शहीद कार्यकर्ता को मिले न्याय

कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष सिंह ने बताया कि हमारे साथी प्रभात कुमार पांडे जो कि लखनऊ विधानसभा घेराव के दौरान शहीद हो गए थे, उनको लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ता व पदाधिकारी ने शोक सभा की है और श्रद्धांजलि के तौर पर कैंडल मार्च निकाला है और सरकार से मांग की है कि उनको न्याय मिलना चाहिए।

आशीष सिंह ने कहा कि लगभग 25 करोड़ का मुआवजा और उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और जो वहां पुलिसकर्मी तैनात थे जिनकी मौजूदगी में सब घटनाक्रम हुआ उन पर एफआईआर दर्ज हो। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज यह भी बहुत दुखद पल रहा कि हम लोग कैंडल मार्च निकाल रहे थे, शहीद को श्रद्धांजलि देने के लिए तभी पुलिस की मौजूदगी में हरदोई कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को आने दिया गया और उनसे प्रदर्शन कराने का प्रयास किया गया।

आशीष सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ता काफी उग्र थे। कांग्रेस कार्यालय पर हमला करने आए थे। अगर हम लोग सतर्क ना होते तो बहुत बड़ा कोई घटनाक्रम हो सकता था। हम अपने जांबाज साथियों का आभार व्यक्त करते हैं कि उनके द्वारा जांबाजी के साथ भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बजरंगी और हुड़दंगी संघी जो संविधान को मानते नहीं है, कानून को मानते नहीं हैं, कानून व्यवस्था का मजाक उड़ा रहे हैं।

आशीष सिंह ने कहा कि हरदोई पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन जैसे तेज तर्रार अधिकारी की नाक के नीचे उपद्रवी कांग्रेस कार्यालय पर हमला करने पहुंच गए, उनका भी हम लोगों ने बहुत धैर्य से मुकाबला किया और अपने कार्यालय प्रांगण को सुरक्षित रखने में सफल रहे। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी इस हमले की निंदा करते हैं।

Tags:    

Similar News