Jalaun News: सपा के संस्थापक सदस्य रहे इंद्रजीत सिंह यादव का निधन, 85 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

Jalaun News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य व उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री रहे इंद्रजीत सिंह यादव का रविवार को निधन हो गया। जालौन में 15 साल तक जिलाध्यक्ष की कमान संभालने वाले बुंदेलखंड के गांधीवादी नेता इंद्रजीत सिंह यादव ने अपने घर पर ही अंतिम सांस ली।

Update:2023-07-09 20:51 IST

Jalaun News: समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य व उत्तर प्रदेश के दर्जा प्राप्त पूर्व मंत्री रहे इंद्रजीत सिंह यादव का रविवार को निधन हो गया। जालौन में 15 साल तक जिलाध्यक्ष की कमान संभालने वाले बुंदेलखंड के गांधीवादी नेता इंद्रजीत सिंह यादव ने अपने घर पर ही अंतिम सांस ली। उनके निधन की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर छा गई। उनके पुत्र पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद यादव ने वरिष्ठ सपा नेता के निधन की जानकारी दी। अखिलेश यादव ने ट्वीट के द्वारा उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।

कोविड काल के बाद से ही चल रहे थे बीमार

जालौन के कद्दावर सपा नेता समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य इंद्रजीत यादव ने उरई के सूर्य नगर स्थित अपनी पैतृक आवास पर शनिवार रात 11:30 बजे करीब अंतिम सांस ली। इंद्रजीत यादव कोरोना के बाद से ही बीमारी से जूझ रहे थे। उनका हालचाल लेने के लिए पिछले वर्ष 27 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 40 मिनट तक उनके आवास पर रुके थे।

स्व. मुलायम सिंह यादव के खास माने जाते थे

इंद्रजीत यादव प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक रहे स्व. मुलायम सिंह यादव के बेहद खास माने जाते थे। जब जनता दल बना, तब मुलायम सिंह यादव ने उन्हें 1980 में जनता दल का जिलाध्यक्ष बनाया था। छह अक्टूबर 1992 में समाजवादी पार्टी का गठन होने के बाद उन्हें संस्थापक सदस्य के साथ-साथ जिलाध्यक्ष नियुक्त किया था। जिसके बाद वह लगातार 15 साल तक समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे। इसके अलावा जब मुलायम सिंह यादव पहली बार मुख्यमंत्री बने तो उन्हें जल निगम बोर्ड का अध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया था।

बुंदेलखंड के गांधीवादी नेताओं में थी गिनती

इंद्रजीत यादव को बुंदेलखंड का गांधीवादी नेता कहा जाता था। सरल, सौम्य होने के कारण विरोधी पार्टी के लोग भी उनका सम्मान करते थे। उनके निधन से समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्याप्त है। कहा जा रहा है कि जल्द ही अखिलेश यादव उनके घर पर आकर परिजनों को शोक संवेदना व्यक्त कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News