Jhansi News: दो दिन से लापता नवविवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, एक माह पहले हुई थी शादी
Jhansi News: दो दिन से गायब हुई नवविवाहिता का शव कृषि भूमि संरक्षण परिसर में पेड़ की डाल से लटका मिला है। युवती की शादी एक माह पहले हुई थी।;
सांकेतिक तस्वीर। Photo- Social Media
Jhansi News: दो दिन से लापता नवविवाहिता का शव कृषि भूमि संरक्षण परिसर में पेड़ की डाल से लटका मिला है। युवती की शादी एक माह पहले हुई थी। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया व अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
यह था मामला
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में अल्ताफ परिवार समेत रहता है। अल्ताफ की शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के थाना जतारा के ग्राम बम्हौरीकला में रहने वाली शमा से 14 मई 2024 को हुई थी। शमा ससुराल में थी। दो दिन पहले रहस्यमय ढंग से लापता हो गई थी। इसकी जानकारी दोनों पक्षों को हुई तो शमा की खोजबीन की मगर पता नहीं चला था। बताते हैं कि सूचना मिली कि एक युवती का शव मऊरानीपुर क्षेत्र में स्थित कृषि भूमि संरक्षण परिसर में लगे पेड़ से लटका है। इसकी जानकारी मिलते ही आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना मिलते ही मऊरानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को फांसी के फंदे से नीचे उतारा गया।
मृतक युवती की फाइल फोटो: Photo- Newstrack
इसकी जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। मायके पक्ष का आरोप है कि शमा की शादी 14 मई को पहले हुई थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। आरोप है कि ससुरालियों ने बाइक और पचास हजार रुपयों की मांग की। मांग पूरी न करने पर शमा को परेशान करना शुरु कर दिया था। आरोप है कि ससुरालियों ने दहेज की खातिर शमा की हत्या कर दी। इसके बाद शव को पेड़ से लटका दिया है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।