Jhansi News: बारात से पहले से पहुंची दो पत्नियां, रुकवाई शादी, दुल्हा फरार

Jhansi News: गुरुवार की देर रात पहली की मौत और दूसरी से तलाक बताकर तीसरी शादी रचाने जा रहे युवक की दो पत्नियों ने विवाह समारोह में पहुंचकर पोल खोल दी। जिससे वहां हंगामा मच गया।

Report :  Gaurav kushwaha
Update: 2024-05-25 15:32 GMT

Jhansi News (Pic:Newstrack)

Jhansi News: समथर थाना क्षेत्र के गांव बसोवई सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुरुवार की देर रात पहली की मौत और दूसरी से तलाक बताकर तीसरी शादी रचाने जा रहे युवक की दो पत्नियों ने विवाह समारोह में पहुंचकर पोल खोल दी। जिससे वहां हंगामा मच गया। वहीं खुशियां गम में बदल गई। भनक लगते ही दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। जबकि दुल्हन इंतजार करती रही। हालांकि पुलिस ने शादी रुकवा दी। धोखेबाज दूल्हे को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। गांव बसोवई निवासी विनय कुमार की बेटी दीपा की शादी जालौन के एट निवासी जीतेंद्र कुमार के साथ तय हुई थी। गुरुवार की रात बारात का इंतजार हो रहा था। सारी तैयारियां हो चुकी हो चुकी थी। महिलाएं नाच-गा रही थी। मेहमान, रिश्तेदार खा-पी रहे थे। तभी विनीता व पूजा नाम की दो महिलाएं शादी समारोह में पहुंची और बताया कि वह दुल्हा बने जितेन्द्र की पहली और दूसरी पत्नियां हैं। यह सुन वधू पक्ष के लोगों के पैरों तले जमीन सरक गई।

विनीता के अनुसार 10 साल पहले जितेन्द्र से उसकी शादी हुई था। जिसकी दो बेटियां भी हैं। वहीं पूजा ने बताया कि जितेंद्र ने पहली पत्नी विनीता की मौत की बात कहकर उससे दूसरी बार व्याह रचाया था। उससे उसकी एक बेटी है। अब धोखा देकर वह दीपा से तीसरी शादी करने जा रहा था। सारी जानकारी होने पर दोनों यहां आई हैं। हालांकि लोगों ने उन्हें समझाकर पूरी बात जानने की कोशिश की। जीतेंद्र से संपर्क करने की कोशिश की गई। लेकिन, वह सबकुछ समझ चुका था। वहीं वधू पक्ष की मानें तो जीतेंद्र द्वारा पहली की मौत और दूसरी से तलाक की बात बताकर दीपा से रिश्ता तय किया था। हंगामा बढ़त देख सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शादी रुकवा दी। थाना प्रभारी अजमेर सिंह भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बहरहाल, शादी को रुकवा दिया गया है। दोनों पत्नियों को थाने लाया गया है। लड़की पक्ष वालों को भी बुलाया गया है। युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। इनके परिजनों को बुलाया जा रहा है। आगे जो भी होगा कार्रवाई की जाएगी।

दुल्हन करती रही इंतजार

गांव बसोवई में बीती देर रात कुछ ही पल में शादी की खुशियां गम में बदल गई। वहीं लड़की पक्ष के पैरों तले जमीन सरक गई। तेल और हल्दी चढ़ी दुल्हन की आंखों से आंसू निकल गए। लड़की पक्ष के राजेंद्र सहित अन्य रिश्तेदारों ने बताया कि जीतेंद्र ने पहली पत्नी की मौत के बारे में बताया था। उसने दूसरी पत्नी से किसी कारणवश तलाक की बात कही थी। सारी जानकारी के बाद दीपा से शादी के लिए तैयार हुए थे। पर, समझा नहीं पाए कि वह इतना बड़ा धोखेबाज है।

बोलीं, दोनों पत्नियां

उरई निवासी विनीता ने बताया कि 2014 में उसकी शादी जीतेंद्र से हुई थी। इसके उससे उसकी दो बेटियां हैं। एक बेटी मायके तो दूसरी साथ में रहती है। वह काफी दिनों से खिंचा-खिंचा रह रहा था। जब जानकारी चाहती तो किसी तरह से पता चल गया कि वह तीसरी शादी करने वाला है। इसी को रुकवाने यहां आए हैं। जिगनी (राठ) निवासी पूजा ने बताया कि सात पहले उससे जीतेंद्र की शादी हुई थी। तब उसने बताया था कि पहली पत्नी विनीता की मौत हो गई। इसके बाद शादी रचाई थी। उससे एक बेटी है। लेकिन, जब दोनों को पता चला तो मिलकर तीसरी लड़की जिंदगी बर्बाद होने से बचाने आए हैं।

बीच की तलाश तेज

गांव बसोई में बारात न आने के बाद घरातियों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा है। हालांकि दूल्हे को भनक लगते ही वह फरार हो गया। वहीं दूसरी तरफ समय संबंध तय कराने वाले बीच वाले की तलाश शुरू हो गई। लेकिन, वह भी गायब था। लड़क पक्ष के लोग काफी आक्रोशित दिखे। उन्होंने बताया कि घर में तेल और हल्दी चढ़ी बिटिया बैठी है। अब इसका संबंध कैसे किया जाए?

झूठ पर झूठ बोलता रहा जीतेंद्र

पूजा और विनीता ने बताया कि जीतेंद्र धोखेबाज है। वह लगातार झूठ पर झूठ बोलता रहा। जबकि उसकी तीन बेटियां हैं। अब वह तीसरी लड़की की जिंदगी भी बर्बाद कर रहा था। हालांकि शातिर दिमाग़ जितेंद्र को इस हंगामा की भनक लग गई थी। रिश्ता कराने वाला भी नजर नहीं आया। जबकि उसकी तलाश तेज हो गई है।

बर्बाद हो गए साहब

लड़की पक्ष के लोगों ने बताया कि साहब बर्बाद हो गए हैं। अब कुछ नहीं बचा है। किसी तरह बिटिया की शादी का इंतजाम किया था। दहेज, नगदी, खाने-पीने में काफी खर्च हो गया। अब घर में सियानी बिटिया भी बैठी है और दूल्हा भी धोखेबाज निकला। अगर पहले ही उसकी बात समझ जाते तो इतना बड़ा कदम नहीं उठाते।

सिसक रही दुल्हन का प्राइवेट शिक्षक ने थामा हाथ

समथर थाना क्षेत्रान्तर्गत गांव बसोवई में बारात न आने से दुखी घराती और सिसक रही दुल्हन का चेहरा उस वक्त खिल उठा। जब दतिया के कस्बा बड़ौनी निवासी हरचरण के बेटे अनिल को तुरंत बुलाया गया। उनसे संपर्क किया गया। वह भी शादी के लिए तैयार हाे गए। सुबह दो से तीन बजे के बीच वह बारात लेकर पहुंचे। रीति रिवाज से अनिल ने दीपा का हाथ थामा। सात फेरे लिए। दिन में विदाई की गई। जिस पर सभी की आंखें नम हो गई।

Tags:    

Similar News