Kanpur Dehat News: दुल्हन ने उठाया अनोखा कदम, चारों तरफ हो रही तारीफ
Kanpur Dehat News: एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीक्षा यादव ने अपनी शादी के दिन एक अनूठी पहल की। 27 नवंबर को शादी समारोह में उन्होंने 11 गरीब बच्चों को गोद लिया।;
Kanpur Dehat News: एक उम्मीद जनकल्याण सेवा समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष दीक्षा यादव ने अपनी शादी के दिन एक अनूठी पहल की। 27 नवंबर को शादी समारोह में उन्होंने 11 गरीब बच्चों को गोद लिया। दीक्षा ने घोषणा की कि वह अपनी शादी में खर्च होने वाली राशि के बराबर इन बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और भरण-पोषण पर खर्च करेंगी।
पति का मिला पूरा समर्थन
दीक्षा के इस निर्णय को उनके पति ने भी पूरा समर्थन दिया। इसके बाद दीक्षा ने सिकंदरा स्थित सूर्य होटल में इन बच्चों के साथ समय बिताया। उन्होंने हाई क्लास सोसाइटी में इन बच्चों का परिचय कराया। बच्चों के साथ शिक्षा पर चर्चा की और एक ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
भविष्य में समाज से भेदभाव मिटाएंगे
इस अवसर पर दीक्षा ने कहा कि ये बच्चे भविष्य में समाज से अमीर-गरीब और ऊंच-नीच का भेदभाव मिटाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य इन बच्चों में समानता की भावना विकसित करना है। उनका मानना है कि अगर संपन्न लोग अपने संसाधनों का सही उपयोग करें तो किसी का भविष्य संवारा जा सकता है।
दीक्षा की इस पहल की होटल में मौजूद लोगों और क्षेत्रवासियों ने सराहना की। लोगों का कहना था कि अगर हर व्यक्ति ऐसी सोच रखे तो देश से अमीरी-गरीबी का अंतर समाप्त हो सकता है।