Kushinagar News: कुशीनगर दुर्घटना में लापता युवक की मिली लाश, मरने वालों की संख्या हुई तीन

Kushinagar News: रामकोला नौरंगिया मार्ग पर दमोदरी पुल के पास गुरुवार आधी रात को एक कार पर सवार चार व्यक्ति सिंगहा के तरफ जा रहे थे। अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर गंडक नहर में गिर गई।

Update: 2023-08-12 06:38 GMT
Kushinagar News (photo: social media )

Kushinagar News: जनपद के रामकोला थाना क्षेत्र के गंडक नहर के दमोदरी पुल के पास एक अनियंत्रित कार नहर में गिरने वाले हादसे में लापता तीसरा युवा भीम सिंह का शव मिश्रौली बाजार के आगे नहर के एक फाटक पर बरामद हुआ। अब तक इस हादसे में मरने वालों की संख्या 3 हो गई है। कल दो लोगों के शवों को बरामद किया गया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनों का शव शाम तक आया और उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। तीसरे युवक भीम सिंह की तलाश एसडीआरफ टीम लगातार रेस्क्यू कर कर रही थी। घटना के लगभग 36 घंटे बाद आज सुबह उनकी लाश मिली है। पुलिस लाश को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।

जाने पूरा मामला

बताते चलें कि जिले के रामकोला थाना क्षेत्र रामकोला नौरंगिया मार्ग पर दमोदरी पुल के पास गुरुवार आधी रात को एक कार पर सवार चार व्यक्ति सिंगहा के तरफ जा रहे थे। अचानक उनकी कार अनियंत्रित होकर गंडक नहर में गिर गई। जिसमें बंधवा निवासी सुबोध मणि किसी तरह शीशा तोड़कर पानी में से तैरकर बाहर आए। तब तक ग्रामीण भी पहुंच गये। घायलावस्था में सुबोध को सीएचसी रामकोला इलाज हेतु लाया गया। शेष तीन कार सवार मनोज यादव और गुड्डू और भीम सिंह कार में ही रह गए।

कार से गुड्डू और मनोज यादव का शव मिला। ट्रैक्टर की मदद से कार को नहर से निकाला गया। लेकिन तीसरे व्यक्ति भीम सिंह लापता थे। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर लगातार तीसरे व्यक्ति की तलाश कर रही थी। गंडक नहर बहुत गहरी है। तीसरे व्यक्ति के शव की तलाश कई किलोमीटर तक किया गया। लेकिन अता-पता नहीं चला। आज सुबह गंडक नहर पर ही सहुआडीह गांव के सामने बने फाटक पर भीम का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। आधी रात को चारों युवक कहां जा रहे थे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। कार हादसे में बचे सुबोध ही सभी प्रकार की जानकारी दे सकते हैं।

एक साथ जली दोनों की चिताएं, नम हुई आंखें-

गंडक नहर में कार गिरने के हादसे में गुड्डू और मनोज की मौत हो गई थी। दोनों अगल-बगल गांव के निवासी थे उनके बीच अच्छे संबंध थे। कार में सवार होकर गुरुवार की आधी रात को दोनों दोस्त जीवन की अंतिम यात्रा में निकल गए। दोनों की चिताएं रामकोला नगर के धर्मसमधा स्थित श्मशान घाट आसपास सजाई गई। दोनों का एक ही साथ संस्कार हुआ। संस्कार होता देख सभी की आंखें नम हो गई। दोनों परिवारों के लोग अपने जवान बेटों की हुई मौत पर दहाड़े मार मार कर रो रहे थे।

Tags:    

Similar News