Lucknow Weather Today: बर्फीली हवाओं से कांपा लखनऊ, बढ़ी गलन बनी मुसीबत, बस आज रहें संभलकर

Lucknow Ka Mausam 18 January 2023: पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी में मौसमी बदलाव का असर दिख रहा है। लखनऊ में बर्फीली हवाओं ने गलन बढ़ा दी है। लोगों को आज बचकर रहने को कहा गया है।

Written By :  aman
Update: 2023-01-18 02:58 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 18 January 2023: उत्तर प्रदेश में मौसम ने फिर करवट ली है। सर्दी का सितम एक बार फिर सर चढ़कर बोल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर के कारण मौसमी बदलाव देखने को मिल रहे हैं। तापमान में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। राजधानी लखनऊ में एक बार फिर हाड़ कंपाने वाली ठंड का अहसास लोगों को रहा है। रात और सुबह के वक्त पारा काफी नीचे चला जाता है। गलन वाली सर्दी से जीना मुहाल हो गया है। बुधवार (18 जनवरी) को भी लखनऊ वासियों को कनकनी का अहसास होगा।  

वेस्ट यूपी और पूर्वांचल में भीषण ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। आंचलिक मौसम विभाग के अनुसार, 19 जनवरी से एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभावी होने के बाद मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। आज यानी बुधवार तक कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। 

लखनऊ में बर्फीली हवाओं ने बढ़ायी गलन 

राजधानी लखनऊ में बुधवार की सुबह भी लोगों को कंपकपाती ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि, आर्द्रता (Humidity) अधिक होने की वजह से लोगों को गलन जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। यूपी के अलग-अलग हिस्से इन दिनों शीतलहर से जूझ रहे हैं। दरअसल, पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जमकर बर्फबारी हुई है। जिसका असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर में साफ-साफ दिख रहा है। नोएडा और गाजियाबाद में ठंडी हवाओं ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। यही हवाएं लखनऊ में भी लोगों को परेशान किये हुए है। 


आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहेगा 

पहाड़ों पर बर्फबारी का असर लखनऊ सहित आसपास के जिलों में व्यापक पैमाने पर देखने को मिल रहा है। बर्फीली हवाओं ने अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी लायी है। राजधानी लखनऊ में बुधवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है। सुबह और रात के समय पारा तेजी से नीचे जाएगा। हालांकि, दोपहर के समय धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि की उम्मीद है। मकर संक्रांति के आसपास बारिश होने के बाद मौसम साफ हो चुका है जिससे राजधानी में धुंध और कोहरे का असर कम दिख रहा है। दोपहर को धूप खिलने से लोगों को राहत थोड़ी राहत जरूर मिलती है।

एनसीआर में बढ़ा ठंड का कहर 

एनसीआर में ठंड का कहर जारी है। नोएडा-गाजियाबाद में लगातार सर्दी का सितम देखने को मिल रहा है। नोएडा में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री से नीचे चला गया है। बीते दो सालों में ये सबसे कम तापमान रहा। लोगों को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है। गाजियाबाद में भी ठंड का कहर दिख रहा है। यहां भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इन दोनों शहरों में भी बुधवार को दिन में धूप निकलने के आसार हैं। हवाओं के बंद होने के कारण लोगों को दिन में धूप से राहत मिलेगी। गाजियाबाद में अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान था।

Tags:    

Similar News