Lucknow Weather Update 22 Oct 2023: लखनऊ में सुबह-शाम गुलाबी सर्दी, दिन में मस्त रहेगा मौसम, घूमने का बना लें प्लान

Lucknow Weather Update 22 October 2023: लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन में खिली धूप निकल रही है। मगर, शाम होते ही पारा तेजी से नीचे जा रहा। रात में ठंडक बढ़ने लगी है।

Report :  aman
Update: 2023-10-21 23:30 GMT

Lucknow Ka Mausam (Social Media)

Lucknow Ka Mausam 22 October 2023: यूपी के मौसम में तेज बदलाव देखा जा रहा है। दिन में खिली धूप जहां अपने तेवर दिखा रही है, वहीं रात को ठंडक का अहसास होने लगा है। तड़के घर से निकलने वालों को धुंध नजर आने लगा है। नवरात्रि में मौसम ठंडा-ठंडा हो गया है। प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। मौसम शुष्क होते ही रात को ओस अपना असर दिखा रही है। ओस गिरने की वजह से मौसम में नमी बढ़ी है, जिससे गुलाबी ठंड का एहसास हो रहा है।

लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मो. दानिश के अनुसार, पिछले 36 घंटे के दौरान सर्दी ने पूरे प्रदेश में दस्तक दे दी है। ठंडी हवाएं चलने के कारण मिनिमम टेम्परेचर गिरा है। फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम तापमान रविवार (22 अक्टूबर) तक ऐसा ही रहेगा। उन्होंने कहा, सोमवार से फिर मौसम बदलने के आसार हैं। तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट देखने को मिल सकती है।'

लखनऊ में आज मौसम मस्त, घूमने का बना लें प्लान  

लखनऊ का आसमान रविवार को साफ रहेगा। सुबह और रात ठंड का एहसास होगा। लेकिन, दिन में खिली धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया जाएगा। दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से 9 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी। शाम में सूर्य अस्त होने के साथ राजधानीवासियों को शीतलता का एहसास होने लगेगा। देर रात तक सर्दी काफी बढ़ जाएगी। रविवार को छुट्टी के दिन घूमने-फिरने का प्लान बना रहे हैं तो निश्चिंत होकर घर से निकलें। बारिश के दूर-दूर तक कोई आसार नहीं हैं। 

पहाड़ों पर बर्फ़बारी ने बढ़ाई सर्दी

बीते दिनों पहाड़ों पर जमकर बर्फबारी हुई। वहीं मैदानी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश ने मौसम बदल दिया। मगर, बारिश खत्म होने के साथ ही एक बार फिर से मौसम सामान्य हो गया है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग केंद्र के अनुसार, राज्य में अगले 5 दिनों तक कमोबेश वेदर ऐसा ही रहेगा। पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। फ़िलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। 

पूर्वांचल-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

गोरखपुर से वाराणसी और नोएडा से गाज़ियाबाद तक दिन में धूप और रात में हल्की ठंड का एहसास लोगों को हो रहा है। गोरखपुर में दिन में जहां तेज धूप के बीच अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसी तरह काशी में मौसम में गरमाहट अधिक रहेगी। दिन में तेज धूप की वजह से अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वांचल के अधिकांश इलाकों में इसी तरह का तापमान रहने का अनुमान है। 

Tags:    

Similar News