'देखता हूं कि 6 महीने खड़े रहोगे या सालभर...' अखिलेश यादव का एंग्री यंग मैन वाला तेवर

Lucknow News: अखिलेश ने ACP गोमती नगर विशाल कुमार जायसवाल से कहा कि देखते हैं कब तक यहां खड़े रहोगे। एक दिन, दो दिन या फिर छह महीने।

Newstrack :  Network
Update:2024-10-11 09:23 IST

लखनऊ में अखिलेश यादव (Pic: Newstrack)

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में बीती रात से हलचल तेज हो गई है। जयप्रकाश नारायण की जयंती को लेकर आज राजधानी लखनऊ चर्चा में है। आज उनकी जयंती से पहले बीती रात लखनऊ में JPNIC को सील कर दिया गया है। गेट को बंद कर टीन शेड लगा दिया गया है। बीती रात जब प्रशासन यह सब करा रही थी तभी सपा मुखिया अखिलेश यादव भी कार्यकर्ताओं सहित JPNIC पहुंच गए। उन्होंने टीन शेड पर 'समाजवादी पार्टी जिंदाबाद' का नारा भी लिखवा दिया। पिछली बार भी अखिलेश को JPNIC जाने से रोका गया था। हालांकि वह गेट फांद कर जेपी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। आज फिर लखनऊ में सरकार और सपा के बीच तकरार होने की पूरी उम्मीद है।

'देखता हूं कब तक खड़े रहोगे'

बीती रात जब अखिलेश यादव JPNIC पहुंचे तो उन्होंने सरकार पर जमकर निशाना साधा। साथ ही उनके निशाने पर पुलिस प्रशासन भी रहा। अखिलेश यादव ने प्रशासन की लगाई नोटिस पर लाल पेंट लगवा दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पेंटर को पैसा देने की बात भी कही। मौके पर मौजूद पुलिस बल और आलाधिकारी पर उन्होंने कटाक्ष किया। उन्होंने ACP गोमती नगर विशाल कुमार जायसवाल से कहा कि देखते हैं कब तक यहां खड़े रहोगे। एक दिन, दो दिन, छह महीने या फिर साल भर। अखिलेश यादव ने जाते-जाते ऐलान किया कि आज यानी 11 अक्टूबर की सुबह 10 बजे वह फिर JPNIC आएंगे। 

'भाजपा राज का दिखावटी अमृतकाल'

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ये है भाजपा राज में आज़ादी का दिखावटी अमृतकाल। श्रद्धांजलि न दे पाए जनता इसलिए दीवार उठा दी गयी है। भाजपा ने जो रास्ता बंद किया है, वो उनकी बंद सोच का प्रतीक है। भाजपा जय प्रकाश नारायण जी जैसे हर उस स्वतंत्रता सेनानी के लिए अपने मन में दुर्भावना और दुराव रखती है, जिसने भी देश की आज़ादी में भाग लिया था। ये देश की आज़ादी में भाग न लेने वाले भाजपाइयों के संगी-साथियों के अंदर का अपराध बोध है, जो उन्हें क्रांतिकारियों की जयंती तक पर लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित नहीं करने देता है।   

सरकार पर हमला

जय प्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर को सील करने पर अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 'हर वर्ष जय प्रकाश जयंती के दिन समाजवादी लोग यहां इकट्ठे होते थे, ये कोई पहली बार नहीं। कहीं ऐसा तो नहीं कि सरकार JPNIC बेचने की तैयारी कर रही हो, किसी को देना चाहती हो।" इसके बाद अखिलेश ने कहा कि टीनशेड लगाकर सरकार कुछ तो छिपाना चाह रही है। यह किसी महापुरुष का सम्मान क्यों नहीं करने दे रहे हैं। वह भी महान समाजवादी नेता जयप्रकाश जी की जयंती पर। 

Tags:    

Similar News