प्रवचन तो आ गया, बजट कब आएगा..अखिलेश यादव ने बजट पर कसा तंज
Akhilesh Yadav: सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हमला करते हुए कहा कि यह भाजपा का ’सेकंड लास्ट’ बजट था। एक और बजट पेश होगा और फिर नई सरकार चुनने का अवसर मिलेगा।;
Akhilesh Yadav on UP Budget: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी बजट को खोखला बताया। उन्होंने कहा कि प्रवचन तो आ गया है। लेकिन बजट कब आएगा। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यूपी सरकार के बजट में कोई भी दूरदर्शिता नहीं है। इस बजट से महंगाई में कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि बजट से समाज का हर वर्ग परेशान है। व्यापारी, युवाओं, महिलाओं के लिए इस बजट में कोई योजना नहीं है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने हमला करते हुए कहा कि यह भाजपा का ’सेकंड लास्ट’ बजट था। एक और बजट पेश होगा और फिर नई सरकार चुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का बजट घोषणा पत्र से मेल नहीं खाता है। बिना विजन के बजट पेश किया गया है। यूपी सरकार का कोई रोडमैप तय नहीं था कि किस दिशा में उत्तर प्रदेश को ले जाना है। हर बजट में सरकार यह कहती है कि ये सबसे बड़ा बजट है। लेकिन इसका कोई मायने नहीं है, क्योंकि हर बजट पिछले बजट से ज्यादा होगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का नौवां बजट बहुत बड़ा ढोल है। इस बजट में आवाज तो बहुत है लेकिन अंदर से सबकुछ खोखला है। उन्होंने कहा कि इस बजट से किसानों के उम्मीदों का खेत सूख गया है और महिलाओं के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। भाजपा सरकार के इस इस बजट में आम जनमानस के लिए कुछ भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि आम जनता के साथ ही योगी सरकार के इस बजट ने उनके मंत्री और विधायक भी निराश हो गये हैं। क्योंकि इसमें उनके विभाग के लिए कुछ नहीं है। वह इसलिए निराश हैं क्योंकि उन्हें ही जनता को फेस करना है। भाजपा ने इस बजट में भी संकल्प पत्र के एक भी वादे को पूरा नहीं किया है।