Lucknow News: कांग्रेस सांसद ने की प्रेस कांफ्रेंस, बोले- दक्षिण में साफ और उत्तर में हाफ होगी भाजपा

Rajeev Shukla Press Conference: कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा का दक्षिण में खाता नहीं खुल सकेगा। पार्टी की तेलंगाना, कर्नाटक जैसे प्रदेशों में बुरी तरह से हार होगी। देश के दक्षिणी भाग में भाजपा साफ होगी और उत्तर में हाफ हो जाएगी।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-05-01 11:30 GMT

कांग्रेस सांसद ने की प्रेस कांफ्रेंस, बोले- दक्षिण में साफ और उत्तर में हाफ होगी भाजपा (Photo Source: Ashutosh Tripathi) 

Lucknow News: कांग्रेस सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला ने प्रदेश मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित किया। यहां उन्होंने सरकार के चार सौ सीटों के दावे को खोखला करार दिया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दूबे और प्रदेश प्रवक्ता सीपी राय भी मौजूद रहे।

सांसद राजीव शुक्ला ने की प्रेस कांफ्रेंस

मॉल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बुधवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि यह सत्ता परिवर्तन का चुनाव है। उन्होंने कहा कि अभी तक हुए दोनों चरणों में इंडिया गठबंधन काफी आगे दिख रहा है। शुरु में लोग कह रहे थे कि चुनाव एकतरफा है लेकिन अब गठबंधन भाजपा से आगे है। राजीव शुक्ला ने प्रेस से कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में एक जगह भी हिंदू मुस्लिम नहीं है।

गठबंधन का अंडर करेंट

कांग्रेस सांसद ने कहा कि आज भाजपा के लोग भी मान रहे हैं कि इंडिया गठबंधन का अंडर करेंट चल रहा है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व चार सौ का नारा भूल गया है। इसके साथ हीम मोदी की गारंटी की बात बंद हो गई है। उन्होंने कहा कि अब भाजपा मंगलसूत्र की बात कर रही है। मोदी जी कह रहे हैं कि कांग्रेस आई तो मंगलसूत्र बिक जाएगा। कांग्रेस के 70 साल के शासन में किसी महिला का मंगलसूत्र नहीं गया।

कांग्रेस के दलबदलुओं को दिए ज्यादा टिकट

राजीव शुक्ला ने भाजपा पर टिकट बंटवारे को लेकर वार किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल को छह सीटों पर कांग्रेस के दलबदलुओं को टिकट दिया गया है। इसके साथ देश की डेढ़ सौ सीटों पर दलबदलुओं को टिकट मिला। भाजपा आज पूरी तरह से कांग्रेसियों से भर गई है।


सरकार के काम से सभी नाखुश

सरकार ने दस साल में बीस करोड़ नौकरियों का वादा था। अभी तक बीस लाख को भी नौकरी नहीं मिली है। युवा, महिला, बुजुर्ग कोई भी सरकार के काम से खुश नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चौंकाने वाले नतीजे आएंगे। भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रधानमंत्री की जनसभा नहीं हो रही है। उन्हें रोड़ शो करना पड़ रहा है।

दक्षिण साफ उत्तर हाफ

कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा का दक्षिण में खाता नहीं खुल सकेगा। पार्टी की तेलंगाना, कर्नाटक जैसे प्रदेशों में बुरी तरह से हार होगी। देश के दक्षिणी भाग में भाजपा साफ होगी और उत्तर में हाफ हो जाएगी। बिहार, महाराष्ट्र, एमपी, छत्तीसगढ़ में इंडिया गठबंधन का पलड़ा भारी है।

सीरम ने दिया भारी चंदा

सांसद ने बताया कि कोविशील्ड बनाने वाली कंपनी सीरम ने भाजपा को भारी चंदा दिया है। इतिहास में कभी किसी दल ने बारह हजार करोड़ रुपए नहीं इकट्ठा किए। चुनावी चंदा घोटाला इतिहास का सबसे बड़ा घोटाला है। इसे मदर स्कैंडल घोटाला बोल सकते हैं।

Tags:    

Similar News