UP By Election: लखनऊ पूर्वी से कांग्रेस ने खेला मुकेश चौहान पर दांव, बोले- भाजपा के खिलाफ होगा एकजुट मतदान

Lucknow News: कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश सिंह चौहान शहर के इस्माईलगंज प्रथम वार्ड से दो बार पार्षद रहे हैं। जबकि एक बार उनकी पत्नी अनीता सिंह पार्षद चुनी गईं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में राहुल गांधी की न्याय यात्रा से काफी लाभ मिलेगा। आज का नौजवान इस सरकार में अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है।

Written By :  Abhishek Mishra
Update: 2024-04-17 12:45 GMT

UP By Elections: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की पूर्वी विधानसभा सीट पर बीस मई को उपचुनाव होना है। कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व शहर अध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव मुकेश सिंह चौहान को प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी मुकेश चौहान के साथ ‘न्यूज़ट्रैक’ ने खास बातचीत की।

क्षेत्र में जलभराव व सड़कों की समस्या 

लखनऊ पूर्वी विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवार मुकेश सिंह चौहान ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति काफी खराब हैं। इनमें से कुछ रोड़ बिलकुल जर्जर हैं। क्षेत्र के लोगों को जलभराव से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बारिश के मौसम में पानी घरों तक भर जाता है। उन्होंने बताया कि विधान सभा क्षेत्र में महज एक सरकारी स्कूल है। पूरे क्षेत्र में कोई डिग्री कॉलेज नहीं है। बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए हम काम करेंगे।


सपा के साथ आने से होगा फायदा

आगामी लोकसभा चुनावों के साथ प्रदेश की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। मुकेश चौहान ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तर्ज पर विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस और सपा मिलकर चुनाव लड़ेंगी। गठबंधन के मुताबिक कांग्रेस लखनऊ विधानसभा पूर्वी से चुनाव लड़ेगी। जबकि समाजवादी पार्टी प्रदेश की अन्य तीन विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार लड़ाएगी। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के साथ आने से वोट का बिखराव नहीं होगा। दोनों दल साथ मिलकर भाजपा को हराने का काम करेंगे। स्टार प्रचारकों के लिए नामांकन के बाद मांग करेंगे।

सरकार से परेशान हैं नौजवान

कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश सिंह चौहान शहर के इस्माईलगंज प्रथम वार्ड से दो बार पार्षद रहे हैं। जबकि एक बार उनकी पत्नी अनीता सिंह पार्षद चुनी गईं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में राहुल गांधी की न्याय यात्रा से काफी लाभ मिलेगा। आज का नौजवान इस सरकार में अपने आप को ठगा महसूस कर रहा है। युवाओं ने बड़ी आशा के साथ नरेंद्र मोदी को वोट दिया था। लेकिन अब लोग झूठ और भ्रष्टाचार से परेशान हैं।

Tags:    

Similar News