Lucknow News: विपक्ष की बयानबाजी से बढ़ी पॉकेट संविधान प्रति की बिक्री, पंद्रह साल से हो रही प्रकाशित

Lucknow News: कंपनी के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड सुधीर कुमार की मानें तो पहले संविधान के पॉकेट संस्करण की प्रतियां कम बिकती थी। लेकिन जब से विपक्ष ने सरकार के खिलाफ संविधान बदलने का आरोप लगाना शुरू किया है , तब से पॉकेट संस्करण की बिक्री बढ़ गई है। राहुल गांधी ने कई मौकों पर पॉकेट संविधान की प्रति को मीडिया के सामने दिखाया।

Report :  Abhishek Mishra
Update: 2024-06-13 05:30 GMT

Lucknow News: राहुल गांधी के हाथ में लाल और काले रंग की संविधान पुस्तक तो सभी ने देखी होगी। पूरे चुनाव प्रचार में वह भारतीय संविधान की प्रति को अपने साथ लेकर चल रहे थे। ईस्टर्न बुक कंपनी की ओर से प्रकाशित संविधान के इस पॉकेट संस्करण की बिक्री में काफी वृद्धि देखने को मिली है। बता दें कि चुनावी समर में दोनों ओर से संविधान को लेकर खूब बयानबाजी हुई है। 

विपक्ष की बयानबाजी से बढ़ी बिक्री

लालबाग क्षेत्र स्थित ईस्टर्न बुक कंपनी द्वारा प्रकाशित संविधान के पॉकेट संस्करण की डिमांड आज कल बढ़ गई है। सबसे ज्यादा इसी किताब की मांग है। जानकारी के मुताबिक बीते पांच महीनों में ईबीसी की पॉकेट संस्करण की लगभग छह हजार प्रतियां बिक चुकी हैं। जबकि संविधान के रेगुलर संस्करण की करीब एक हजार प्रतियां बिक गई हैं। नेताओं की ओर से चुनाव में संविधान पर जमकर बयानबाजी की गई थी। इसे प्रकाशक बढ़ती मांग का बड़ा कारण मान रहे हैं। ईस्टर्न बुक कंपनी के सेल्स एंड मार्केटिंग हेड सुधीर कुमार की मानें तो पहले संविधान के पॉकेट संस्करण की प्रतियां कम बिकती थी। लेकिन जब से विपक्ष ने सरकार के खिलाफ संविधान बदलने का आरोप लगाना शुरू किया है , तब से पॉकेट संस्करण की बिक्री बढ़ गई है। राहुल गांधी ने कई मौकों पर पॉकेट संविधान की प्रति को मीडिया के सामने दिखाया। जिसके चलते लोग इस प्रति को अधिक खरीद रहे हैं। 

2009 से प्रकाशित हो रहा पॉकेट संस्करण 

सुधीर कुमार के मुताबिक ईस्टर्न बुक कंपनी की ओर से संविधान का पॉकेट संस्करण 2009 से प्रकाशित किया जा रहा है। एक वरिष्ठ वकील के सुझाव पर संविधान के इस प्रति का प्रकाशन शुरू किया गया था। अभी तक इसके 16 संस्करण छाप चुके हैं। पॉकेट संस्करण को इस हिसाब से बनाया जाता है कि कोई व्यक्ति इसे अपनी जेब में आसानी से रख सके। संविधान के पॉकेट संस्करण का मूल्य 895 रुपए है। इस पुस्तक की लंबाई 20 सेमी, चौड़ाई 10.8 सेमी और मोटाई 2.1 सेमी है। ईबीसी की ओर से प्रकाशित की जाने वाली यह पुस्तक कंपनी के स्टोर और वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अलावा पॉकेट संस्करण विभिन्न ई-कामर्स पर भी बिक रहा है। सुधीर बताते हैं कि जब रामनाथ कोविंद राष्ट्रपति बने थे तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ईस्टर्न बुक कंपनी द्वारा प्रकाशित संविधान की पॉकेट संस्करण भेंट की थी। 







Tags:    

Similar News