Lucknow News: सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले मंत्री सुरेश खन्ना, कई जगह दिखी गंदगी, अधिकारी पर हुई कार्रवाई

Lucknow News: औचक निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाई गई, जिसके बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए...;

Update:2025-03-21 16:41 IST

Lucknow News Today Minister Suresh Khanna Inspect the Sanitation System Took Action Against the Officer

Lucknow News: लखनऊ के अलग अलग जोन में साफ सफाई को लेकर लगातार खड़े हो रहे सवालों के बीच शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री और लखनऊ के प्रभारी सुरेश खन्ना ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल के साथ नगर आयुक्त समेत कई अन्य अफसर मौजूद रहे। औचक निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी पाई गई, जिसके बाद मंत्री सुरेश खन्ना ने कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जोन-1,4 और 7 में मंत्री सुरेश खन्ना ने किया निरीक्षण, गंदगी देख भड़के

आपको बता दें कि मंत्री सुरेश खन्ना ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था जायजा लेने के लिए जोन-1, जोन-4 और जोन-7 में निरीक्षण किया। जोन-1 में सफाई व्यवस्था की खराब स्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की, जबकि जोन-4 और जोन-7 में सफाई की स्थिति सही पाई गई। जोन-1 में सफाई व्यवस्था में गंदगी दिखने के बाद मंत्री काफी भड़के, जिसके बाद लापरवाही पाए जाने पर अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। आओको बता दें कि जोन-1 के हजरतगंज रामतीरथ वार्ड और विक्रमादित्य महात्मा गांधी वार्ड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हजरतगंज के नरही क्षेत्र में गंदगी, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था में लापरवाही देखने को मिली, जिससे वे काफी नाराज हुए।

जोन-4 और जोन-7 में साफ सफाई व्यवस्था दिखी ठीक

निरीक्षण के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना जोन-4 और जोन-7 में भी औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे। जोन-4 में मंत्री ने मारुतिपुरम का निरीक्षण किया, जहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त पाई गई। इसी तरह जोन-7 के स्माइलगंज-2 वार्ड का निरीक्षण किया गया, जहां सफाई व्यवस्था तो संतोषजनक थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने सड़कों की खराब हालत को लेकर मंत्री सुरेश खन्ना से अनुरोध किया। मंत्री सुरेश खन्ना ने लोगों की समस्या पर संज्ञान लेते हुए जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान मंत्री सुरेश खन्ना ने साफ-सफाई की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए और आवश्यक सुधार करने को कहा गया।

लापरवाही बरतने के चलते जोनल अफसर पर हुई कार्रवाई

तीनों जोन में हुए औचक निरीक्षण के बाद मंत्री सुरेश खन्ना के निर्देशों पर नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने जोन-1 में मिली गंदगी पर कार्रवाई करते हुए जोन-1 के जोनल अधिकारी राजेश वर्मा, एसएफआई मुकेश और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही 3 दिन के वेतन कटौती के भी आदेश दिए गए हैं। नगर आयुक्त ने इस मामले में कार्यदायी संस्था वर्षा इंटरप्राइजेज पर भी 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।

Tags:    

Similar News