Maharajganj News: 42.33 प्रतिशत धान खरीद कर मंडल में महराजगंज प्रथम, गोरखपुर तीसरे स्थान पर
Maharajganj News: जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि खरीद को लेकर जिलाधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है।;
42.33 प्रतिशत धान खरीद कर मंडल में महराजगंज प्रथम (PHOTO: Social media )
Maharajganj News: जिले में धान खरीद धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। डेढ़ माह में जिले में 42.33 प्रतिशत धान खरीद हो चुकी है। इसी के साथ धान खरीद के मामले में महराजगंज जिला प्रदेश में सातवें व मंडल में पहले स्थान पर है।
इस बार उपज का बेहतर, दाम मिलने की वजह से किसानों का रुख मंडियों के बजाय सरकारी क्रय केंद्रों पर है। पिछले वर्ष इस तिथि तक खरीदे गए धान से इस बार अब तक अधिक धान की खरीद हुई है। जिले में एक से तीन नवंबर तक सार्वजनिक अवकाश के कारण चार नवंबर से धान खरीद शुरू हुई है। इसके लिए खाद्य विभाग के 34, पीसीएफ (प्रादेशिक कोआपरेटिव फेडरेशन) 61, यूपीएसएस (उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ) 20, यूपी पीसीयू (उप्र. प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन) 45, मंडी परिषद के तीन तथा भारतीय खाद्य निगम के चार धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। इस केंद्रों के माध्यम से 20 लाख क्विंटल धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया। धान खरीद के लिए इस बार समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। जबकि खुले बाजार में 1700 से लेकर 1900 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से विचौलिए धान खरीद रहे हैं। ऐसे में फायदा का अंतर देख किसान सरकारी क्रय केंद्रों पर धान बेचते नजर आ रहे हैं।
जिलाधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा
जिला खाद्य विपणन अधिकारी विवेक सिंह ने बताया कि खरीद को लेकर जिलाधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। यही कारण है कि मंडल में जनपद प्रथम स्थान पर है। कुशीनगर 38.66 प्रतिशत खरीद के साथ दूसरे स्थान, गोरखपुर 36.31 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान और देवरिया 34.40 प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस तिथि तक 558999 क्विंटल की खरीद हुई थी, लेकिन इस बार अब तक 846765 क्विंटल धाना खरीद हो चुकी है।