Siddharthnagar News: जिले में छठे चरण के मतदान को लेकर प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में 3 मार्च को छठे चरण का मतदान होगा। जिसके लिए प्रशासन ने सिद्धार्थनगर जनपद के 1615 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का खास इंतजाम किया है।

Written By :  Intejar Haider
Published By :  Bishwajeet Kumar
Update: 2022-03-02 13:31 GMT

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में छठे चरण का मतदान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सिद्धार्थनगर। यूपी विधानसभा चुनाव 2022 (UP Assembly Election 2022) के लिए जिले में 3 मार्च को मतदान होना है। निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त मतदान कराने के लिए आज जिले की पांचो विधानसभा क्षेत्र में मतदान कराने के लिए बीएसए ग्राउंड से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।

जिले में कुल 1615 मतदान केंद्र

जिले की पांचों विधानसभा में 1615 मतदान केंद्र बनाए गए है। वहीं 2458 मतदेय स्थल बनाये गए हैं। इस चुनाव में लगभग 10 हजार कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। 209 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में कुल 19 लाख, 29 हजार, 31 मतदाता हैं। इनमें 10 लाख 30 हजार 3 सौ 50 पुरुष मतदाता हैं। वहीं 8 लाख 98 हजार, 4 सौ 67 महिला मतदाता हैं। ट्रांसजेंडर मतदाताओं की संख्या 214 है। संवेदनशील बूथों की बात करें तो जिले में 493 बूथ हैं, वहीं 227 अतिसंवेदनशील बूथ हैं। जिले की 67 किलोमीटर सीमा नेपाल से लगी है। जिसे सील कर दिया गया है, साथ ही कोई दाखिल न हो पाए इसके लिए खास तौर से अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

इस अवसर पर सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि 2458 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो रही हैं। इनके लिए 500 बसें लगाई गई हैं। 200 कर्मियों को इनकी अटेंडेंस व रवानगी के लिए लगाया गया है। किसी प्रकार की समस्या नहीं है। सभी को समय से रवाना कर दिया जाएगा और चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाएगा। जो भी कर्मी बिना अनुमति के यंहा उपस्थित नहीं है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

नेपाल सीमा पर बनाए गए 10 चेकपोस्ट

वहीं चाक चौबंद मतदान की व्यवस्था को लेकर एएसपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि सभी बूथों के पुलिस पार्टियां व पोलिंग पार्टियां रवाना की गई है। वहीं अर्धसैनिक बल सुबह ही पहुंच चुका है और अपनी पोजिशन ले ली है। सभी बूथों पर हमारी सिविल पुलिस सभी पार्टियों के साथ जा रही है और वापसी में अर्धसैनिक बल सभी को सुरक्षित रिसेप्सन काउंटर तक लाएंगे। वहीं नेपाल सीमा पर 10 चेकपोस्ट बनाये गए हैं केवल क्षेत्रीय वोटर्स को ही प्रवेश करने दिया जा रहा है। 48 घण्टे पहले ही सीमा रेस्टिंक्ट कर दी गई है, साथ ही हमारी टीम सीमा पर पेट्रोलिंग कर रही है।

Tags:    

Similar News