UPSC Topper: रायबरेली के बेटे ने किया नाम रोशन, यूपीएससी में 56वीं रैंक लाकर बना आईएएस

Raebareli News: रायबरेली के लाल अरनव मिश्र ने जनपद का नाम रोशन किया है। उसने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Result 2023) की परीक्षा पास की है।

Update: 2023-05-23 18:18 GMT
यूपीएससी टॉपर अरनव मिश्र(Pic: Newstrack)

Raebareli News: भारत की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में शामिल होना यानी आइएएस बनना हर किसी का सपना होता है। लेकिन कम ही लोग कड़ी मेहनत से इस सपने को पूरा कर पाते हैं। रायबरेली के लाल अरनव मिश्र ने जनपद का नाम रोशन किया है। उसने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC Result 2023) की परीक्षा पास की है। 56वीं रैंक के साथ अब उसके माता-पिता का बेटे के कलेक्टर बनने का सपना साकार होगा।

समयबद्ध तैयारी से हासिल की सफलता

संघ लोक सेवा आयोग 2022 पास करने वाले जनपद के बेलीगंज निवासी अरनव मिश्र लंबे वक्त से कड़ी मेहनत के साथ इसकी तैयारी कर रहे थे। संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में चयनित होकर अर्णव ने अपनी मेधा का परचम लहराया है। अरनव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट पीटर्स स्कूल और एसजेएस से पूरी की थी। आइआइटी जोधपुर से इंजीनियरिंग करने के बाद अरनव ने कुछ समय नौकरी भी की लेकिन उनका मन नहीं लगा। देश सेवा और अपने लोगों की सेवा के लिए उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में जाने का मन बनाया।

बड़ी बहन आरुषि मिश्रा हैं आइएफएस

अरनव की तैयारी के दौरान उनकी बड़ी बहन आरुषि मिश्रा जो पहले से आइएफएस हैं, उनकी प्रेरणा का स्रोत रहीं। एडवोकेट अजय मिश्र और शिक्षिका नीता मिश्रा के पुत्र अरनव अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के अलावा बड़ी बहन व बहनोई को देते हैं। अरनव ने कहा कि उनका कुशल मार्गदर्शन करने में परिवार और शिक्षकों का बहुत सहयोग रहा। अरनव के मामा वरिष्ठ पत्रकार बृजेंद्र नारायण मिश्र बताते हैं कि अरनव बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि और मेधावी था। गौरतलब है कि इसके पूर्व अरनव की बड़ी बहन आरुषि मिश्र ने भी भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय वन सेवा और उत्तर प्रदेश लोक सेवा में जनपद का नाम रोशन किया था। अरनव के बहनोई चर्चित गौड़ भी आइएएस अधिकारी हैं। अरनव की इस सफलता पर उनके परिवार के लोग बहुत खुश हैं। जनपद के पत्रकारों, साहित्यकारों ने इसे शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है।

Tags:    

Similar News