Hardoi News: भए प्रगट कृपाला... धूमधाम से मना राम जन्मोत्सव, 56 व्यंजनों का लगा भोग

Hardoi News: मंगलकारी गीतों के साथ प्रभु राम का भव्य जन्मोत्सव शहर के रामजानकी मंदिर में मनाया गया। रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मंदिरों व घरों में मनाया गया।

Update: 2023-03-30 17:27 GMT
हरदोई: धूमधाम से मना राम जन्मोत्सव, 56 व्यंजनों का लगा भोग

Hardoi News: मंगलकारी गीतों के साथ प्रभु राम का भव्य जन्मोत्सव शहर के रामजानकी मंदिर में मनाया गया। रामनवमी का पर्व पूरे उत्साह के साथ मंदिरों व घरों में मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम राम जानकी मंदिर में हुआ जहां ढोल नगाड़े से भगवान की स्तुति की गई। मुख्य पुजारी मैथिलीशरण ने भगवान की आरती उतारकर पूजन किया। मंदिर में रामजन्म के बधाई गीतों से पूरा माहौल राममय हो गया। प्रभु का जन्म होते ही घंटा-घड़ियाल और प्रभु के जय जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। मंदिर में भगवान को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। मंदिर प्रबंधक राकेश अग्रवाल ने आरती उतार कर भगवान का आशीर्वाद लिया, इस अवसर पर सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।

भजन सुन मंत्र मुग्ध हुए भक्त

मंगली पुरवा स्थित हनुमत धाम पर भी राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भक्तों ने प्रभु राम के जन्म पर बधाई गीत गाए। भक्ति गीतों में लोग मंत्रमुग्ध हो गए। हवन पूजन के साथ भगवान का भोग लगाकर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर अखिलेश सिंह, मुकुल सिंह सहित दर्जनों भक्त मौजूद रहे।

शंखनाद के बीच हुआ जन्मोत्सव

घंटा घड़ियाल और शंखनाद के बीच प्रभु का जन्मोत्सव पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। नगर में जगह-जगह श्री राम जन्मोत्सव का आयोजन हुआ। कई जगह भंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर से लेकर गांव तक रामनवमी का त्यौहार पूरे धूमधाम से मनाया गया।

ज़िला प्रशासन ने कराया आयोजन

जिला प्रशासन की ओर से भी कई जगह रामचरितमानस के पाठ का आयोजन कराया गया था। जिसका समापन भी रामनवमी को हुआ। प्रभु राम के जन्म लेते ही जय श्री राम के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। शहर के काली मंदिर, श्रवण देवी समेत कई अन्य शक्ति पीठों पर रामचरितमानस का पाठ हुआ।

शाहाबाद में एसडीएम ने कराया पाठ

कात्यायनी शक्ति पीठ मोहल्ला पठकाना शाहाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर पुलिस प्रशासन द्वारा श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का आयोजन किया गया। उपजिलाधिकारी धीरेंद्र श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्रा ने कात्यायनी शक्ति पीठ पहुंचकर संस्कृत महाविद्यालय से सेवानिवृत्त प्राचार्य पुरुषोत्तम शर्मा की मौजूदगी में आचार्य राघव मिश्रा से विधिवत पूजन कराकर अखंड पाठ शुरू किया।

उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी ने कात्यायनी शक्ति पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी आत्मानंद गिरि जी का माल्यार्पण किया गया तथा क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान कोतवाली शाहाबाद के उपनिरीक्षक रामलखन अवस्थी, रतन सिंह सहित सभी पुरुष व महिला आरक्षी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News