Ram Mandir का निर्माण कार्य दिसंबर 2023 तक होगा पूरा, जानें कब आप कर पाएंगे दर्शन

पीएम मोदी एक बार फिर राम मंदिर के बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। मकर संक्रांति 2024 के मौके पर रामलला को भव्य राम मंदिर के गर्भगृह में स्थापित कर आमजन के दर्शन  खोलेंगे।;

Report :  NathBux Singh
Update:2022-10-25 17:48 IST

Ayodhya Ram Mandir (Social Media)

Ayodhya Ram Mandir : रामनगरी अयोध्या में भगवान श्री राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। दिवाली की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर के निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंगलवार (25 अक्टूबर 2022) को मंदिर निर्माण की प्रगति रिपोर्ट मीडिया के सामने रखी। साथ ही, निर्माण कार्य के बारे में बताया।

इस दौरान टाटा कंपनी के इंजीनियर विनोद शुक्ला ने कहा, कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति की देख-रेख में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि, नवंबर 2023 तक निर्माण कार्य पूर्ण कर दिसंबर 2023 तक समिति को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।

मंदिर निर्माण के बारे में और क्या बताया?

राम मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट के बारे में जानकारी देते हुए शुक्ला ने बताया कि मंदिर के मुख्य गर्भगृह के साथ अन्य नींव का कार्य भी पूरा करते हुए धरातल पर नजर आ रहा है। गर्भगृह में निचले हिस्से का कार्य पूरा हो गया है, अब ऊपरी हिस्से का निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 70 फीट नीचे से निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जो अब धरातल पर दिख रहा है।

फिलहाल प्रथम तल पर पत्थर के ब्लॉक लगाने का कार्य चल रहा है। प्रगति रिपोर्ट में बताया गया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति की तरफ से 2024 तक मंदिर के प्रथम तल पर श्रीराम दरबार का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में माना जा रहा है कि 2024 तक श्रीराम के भव्य मंदिर का कार्य पूर्ण हो जाएगा। जिसके बाद भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

पीएम का फिर होगा अयोध्या आगमन 

मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने मंदिर निर्माण की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि, 'पीएम मोदी एक बार फिर मंदिर के बड़े कार्यक्रम का हिस्सा बनकर मकर संक्रांति 2024 यानी 14 जनवरी को अपने कर कमलों से रामलला को भव्य राम मंदिर के गर्भ गृह में स्थापित कर आम जनता के लिए दर्शन शुरू करा देंगे।'

नींव तक पहुंची पीएम की संकल्प राशि 

दीपोत्सव में प्रधानमंत्री मोदी 25 स्टेप सीढ़ियों से गुजरते हुए गर्भगृह पहुंचे थे। वहां उन्होंने चढ़ावा पेश किया। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने ये भी बताया कि उन्होंने पीएम को बताया कि उनका चढ़ावा मंदिर के गर्भगृह पर जहां केसरिया शिखर लहरा रहा है, उसके 70 फुट नीचे रखे कछुए के मॉडल तक पहुंच गया है। मतलब पीएम की संकल्प राशि मंदिर की नींव तक पहुंच गई है। चंपतराय ने कहा कि हमारी इच्छा है कि मकर संक्रांत पर रामलला को गर्भगृह में उन्हीं के कर कमलों से विराजमान करवाया जाए। उन्होंने बताया कि मंदिर का 50 फीसदी से ज्यादा निर्माण हो चुका है। बाकी दिसंबर के पहले पूरा हो जाएगा।

Tags:    

Similar News