Shivpal on Twitter War: बहू डिंपल और पोती पर अभद्र टिप्पणी मामले में बीजेपी नेता को शिवपाल की चेतावनी...'हम 99 बार तक देख रहे'

UP Politics: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने बहू डिंपल यादव और उनकी बेटी अदिति पर अभद्र टिप्पणी करने वाली बीजेपी नेता को 'महाभारत' शैली में चेतावनी दी।

Written By :  aman
Update: 2023-01-09 10:15 GMT

शिवपाल सिंह यादव (Social Media)

UP Politics: उत्तर प्रदेश में बढ़ती ठंड के बीच सियासी तापमान चढ़ने लगा है। समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच 'जंग' शुरू हो चुकी है। ट्विटर (Twitter) से प्रारंभ हुआ विवाद अब जुबानी जंग का रूप ले चुका है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) की पत्नी और मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद डिंपल यादव (Dimple Yadav) तथा उनकी बेटी अदिति (Akhilesh Yadav Daughter Aditi) पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप बीजेपी नेता ऋचा राजपूत (Richa Rajpoot, BJP) पर लगा था। अब इस मामले में सपा नेता शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) ने प्रतिक्रिया दी है।

सपा सरकार में पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने इस मसले पर सख्त टिप्पणी दी है। शिवपाल ने जवाब के लिए महाभारत के युद्ध वाली भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, 'हम 99 बार तक देख रहे हैं। 99 पार होते ही बर्दाश्त नहीं करेंगे। भारतीय जनता पार्टी राजनीति में स्वस्थ परंपराओं को खत्म कर रही है।' सपा के दिग्गज नेता ने बीजेपी की महिला नेता पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।

निकाय चुनाव पर भी बीजेपी को घेरा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने इस दौरान यूपी निकाय चुनाव के बहाने भी बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा, 'पहले सरकार ने ढिलाई दी। जिसकी वजह से निकाय चुनाव में देरी हुई। अब मामला सुप्रीम कोर्ट में। अदालत के फैसले का इंतजार है।'

भूपेंद्र चौधरी ने भी दिया जवाब

आपको बता दें, इससे पहले यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी (UP BJP President Bhupendra Chowdhary) ने कहा, 'ऋचा राजपूत पर भी कानून विवेचना कर रहा है। उसी के तहत कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, आईटी एक्ट के तहत जो भी उचित कार्रवाई होनी चाहिए, वह अवश्य होगी। हालांकि, सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को अराजकता से बचना चाहिए। हम लगातार कानून का राज तथा कानून सम्मत कार्रवाई पर यकीन करते हैं।'

यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने आगे कहा, 'अखिलेश यादव परिवार वाद से आगे नहीं बढ़ पाए रहे। वो आगे कुछ भी कर लें, जनता उनके साथ नहीं जाएगी।' आपको बता दें, सपा मीडिया सेल के हेड मनीष जगन अग्रवाल (SP media cell head Manish Jagan Agarwal) को रविवार को लखनऊ पुलिस (Lucknow Police) ने गिरफ्तार कर लिया था। जिसके बाद अखिलेश यादव सीधे पुलिस मुख्यालय पहुंच गए थे। वहीं दूसरी तरफ, बीजेपी नेता ऋचा राजपूत पर डिंपल यादव तथा उनकी बेटी अदिति के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है। इसी मुद्दे पर वार-प्रतिकार जारी है। 

Tags:    

Similar News