Shravasti News: यूपी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर 'ब्रज की होली' की रही धूम, पुलिस विभाग के जवानों ने किया 'नुक्कड़ नाटक'

Shravasti News: पुलिस विभाग के जवानों ने देशभक्ति गीतों से लोगों का मन मोह लिया तथा साइबर सुरक्षा, एंटी रोमियो आदि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।;

Update:2025-03-27 18:56 IST

यूपी सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर 'ब्रज की होली' की रही धूम, पुलिस विभाग के जवानों ने किया 'नुक्कड़ नाटक' (Photo- Social Media)

Shravasti News: यूपी में प्रदेश सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर श्रावस्ती में भाजपा उत्सव मना रही है। एआरटीओ कार्यालय के निकट मैदान में चल रहे त्रि-दिवसीय कार्यक्रम में कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित हुए। जिसमें नन्हें-मुन्हें बच्चों द्वारा सांस्कृतिक एवं देशभक्ति गानों पर डांस प्रस्तुत किया गया। वहीं पुलिस विभाग के जवानों ने देशभक्ति गीतों से लोगों का मन मोह लिया तथा साइबर सुरक्षा, एंटी रोमियो आदि नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके बाद आर के झांकी ग्रुप सिद्धार्थनगर के कलाकारों द्वारा "ब्रज की होली" कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में कृष्ण जन्मोत्सव से लेकर अन्य लीलाओं का सरस वर्णन किया गया।


फूलों की होली खेली गई

इस दौरान जनप्रतिनिधिगणों एवं उच्चाधिकारियों द्वारा सपरिवार फूलों की होली भी खेली गई, जिससे पूरा पंडाल होली के रंग में सराबोर रहा। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, डीएम अजय कुमार द्विवेदी, एसपी घनश्याम चौरसिया व उनकी पत्नी, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने फूलों की जमकर होली खेली और पूरे पंडाल में उपस्थित समस्त जनमानस में होली की मस्ती छा गई। सभी ने कार्यक्रम का खूब आनंद लिया।

इस दौरान कार्यक्रम का मंच संचालन महिला आरक्षी मोहिनी विश्वकर्मा ने कुशलतापूर्वक किया गया। शुभारंभ मुख्य आरक्षी चंदू प्रसाद ने प्रस्तुत भावपूर्ण सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे सरकार आए हैं "स्वागत गीत से हुआ, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद, पुलिस परिवार के बच्चों ने "बम बम बोले"और "इट्स हैपंस ओनली इन इंडिया"गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जो दर्शकों के बीच उत्साह और ऊर्जा का संचार करने में सफल रहे।


महिला आरक्षी नंदिनी चौबे एवं आरक्षी पंकज ने संयुक्त रूप से आई लव माय इंडिया" गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी, जिसने देशभक्ति की भावना को प्रबल किया। इसके साथ आरक्षी पंकज ने तेरी मिट्टी में मिल जावा" गीत पर एकल नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। संगीत संगत में, आरक्षी शिवम साहू ने पियानो पर मधुर धुनें बजाईं, जबकि श्री सतीश ने ढोलक वादन से प्रस्तुतियों को संगीतमय बनाया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में से एक था पुलिस कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक, जिसका विषय था "सुरक्षित प्रदेश, सशक्त समाज"।

इस नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, साइबर अपराध, आपातकालीन सेवाएं और यातायात सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। नाटक में दर्शाया कि कैसे महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर समाज में अपनी भूमिका को सशक्त कर सकती हैं, साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता और जागरूकता आवश्यक है, आपातकालीन सेवाओं का सही उपयोग जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, और यातायात नियमों का पालन करके सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

इस प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों को गहन विचार और आत्ममंथन के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही पुलिस कर्मचारियों ने "संदेशे आते हैं"गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत कर दिया। इस दौरान एसपी ने पुलिस कर्मियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम शानदार प्रस्तुति देने के लिए 11,000 रुपए के पुरस्कार देने की घोषणा की।


सेवा, सुरक्षा व सुशासन" के आठ वर्ष पूर्ण

इस अवसर पर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने उपस्थित सभी जनपद वासियों को धन्यवाद दिया और कहा कि सभी के सहयोग से एवं जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की कड़ी मेहनत से राज्यपाल जी का कार्यक्रम सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सका है। "सेवा, सुरक्षा व सुशासन" के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय जनपद स्तरीय विकासोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी लगायी गई है, जिसका राज्यपाल महोदया ने अवलोकन कर सराहना भी की। जिसके लिए सभी विभागीय अधिकारी व कर्मचारीगण बधाई के पात्र है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से हमें अपने दायित्वों के साथ-साथ प्रतिभा को भी दिखाने का अवसर प्राप्त होता है, जिसका उदाहरण इस कार्यक्रम में पुलिस के जवानों द्वारा प्रस्तुत किया गया है। इसके लिए वे बधाई के पात्र है और आगे भी ऐसे आयोजन में भाग लेते रहे, ऐसी कामना करता हूँ। बाद में डीएम एवं एसपी ने बेहतर प्रस्तुतिकरण करने वाले पुलिस के जवानों एवं "बृज की होली" कार्यक्रम के कलाकारों को प्रमाण पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 अशोक कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज , पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण तथा भारी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित रहा।

Tags:    

Similar News