Sonbhadra : रामलीला देख लौट रही नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, बंद खदान में घायल पड़ी मिली पीड़िता, केस दर्ज:

Sonbhadra News: वर्दिया गांव में रामलीला देखकर लौट रही एक किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सोमवार को सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पीड़िता वर्दिया में बंद पड़ी एक पत्थर खदान में घायलावस्था में पड़ी पाई गई थी।

Update:2024-10-14 20:31 IST

Sonbhadra News ( Pic- Newstrack)

Sonbhadra News : चोपन थाना क्षेत्र के वर्दिया गांव में रामलीला देखकर लौट रही एक किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सोमवार को सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। पीड़िता वर्दिया में बंद पड़ी एक पत्थर खदान में घायलावस्था में पड़ी पाई गई थी। दोपहर बाद होश में आने पर जब उसने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। उसके बाद बीएनएस की धाराओं के साथ ही, पास्को और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर प्रकरण की छानबीन शुरू कर दी गई।

- इलाके के ही युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप:

बताया जा रहा है कि वर्दिया क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय पीड़िता रविवार की रात ओबरा के सेक्टर नौ में हो रही रामलीला देखने के लिए गई हुई थी। रात में वह घर के लिए वापस आ रही थी। आरोप है कि उसके साथ इलाके का एक युवक भी था। जब वह वर्दिया की खनन एरिया से होकर गुजरी तो उसने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे बंद पड़ी खदान में धक्का दे दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गई।

- ग्रामीणों की पड़ी नजर, तब पहुंचाया गया अस्पताल:

सोमवार की सुबह खदान की तरफ गए कुछ ग्रामीणों की नजर जब पीड़िता पर पड़ी तो अवाक रह गए। किशोरी को खदान से निकाल कर उपचार के लिए चोपन सीएचसी पहुंचाया गया। उधर, परिवार वालों को घटना की जानकारी मिली तो हड़कंप मच गया। परिजन भागते हुए अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी लेने के साथ ही पुलिस को स्थिति से अवगत कराया। मामले में कभी दुष्कर्म तो कभी दुष्कर्म के प्रयास के आरोप लगाए जाते रहे। सोशल मीडिया की विभिन्न साइटों पर भी यह मसला ट्रेंड करता रहा। हालांकि पुलिस का दावा था कि पीड़िता की पिता की तरफ से जो तहरीर दी गई है कि उसमें सिर्फ मारपीट का जिक्र है।

- पीड़िता ने की स्थिति स्पष्ट, तब दर्ज किया गया केस:

बताते हैं कि पीड़िता ने उपचार के बाद हालत में सुधार आने पर पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया गया और प्रकरण को लेकर चोपन थाने में बीएनएस की धारा 74, 115(2), 352 और 7/8 पाक्सो एक्ट तथा 3(2)5ए, 3(1)द, 3(1)ध एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया। एएसपी मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि प्रकरण में उपरोक्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

Tags:    

Similar News