Sonbhadra News: ससुराल के लोग नहीं चाहते थे बेटी, कराया कन्या भ्रूण हत्या, विवाहिता ने तोड़ दिया दम, केस दर्ज
Sonbhadra News: कन्या भ्रूण हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता के गर्भ में दूसरी बार भी पुत्री आने पर, उसका जबरिया गर्भपात यानी कन्या भ्रूण हत्या करा दिया गया।;
Sonbhadra News
Sonbhadra News : अनपरा थाना क्षेत्र में कन्या भ्रूण हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता के गर्भ में दूसरी बार भी पुत्री आने पर, उसका जबरिया गर्भपात यानी कन्या भ्रूण हत्या करा दिया गया। आरोपों के मुताबिक इसके चलते विवाहिता की हालत गंभीर हो गई। उपचार के लिए उसे वाराणसी ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सामने आए इस मामले में मृतका के पुत्री की तहरीर पर अनपरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार को दु्द्धी सीएचसी में शव का पीएम कराया गया। मायके पक्ष में प्रकरण को लेकर खासी नाराजगी की स्थिति बनी रही।
एनसीएल कर्मी फिरतू जैसवारा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसने अपनी पुत्री अनिता उर्फ पिंकी का विवाह 18 फरवरी 2022 को ओमप्रकाश पुत्र स्व. राधेश्याम निवासी रेहटा पोस्ट ककरी थाना अनपरा के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा। वर्ष 2023 में एक पुत्री पैदा हुई। पुत्री पैदा होने को लेकर उसे और ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा। इसके बाद दूसरी बार वह गर्भवती हुई तो ससुरालियों की तरफ से गर्भ में लड़का है या लड़की इसकी जांच कराई। जांच में कन्या भ्रूण होने की पुष्टि पर जबरन 10 दिन पूर्व उसका गर्भपात करा दिया गया। दावा किया गया कि एतराज पर विवाहिता के साथ मारपीट की गई। गर्भपात के बाद जब उसकी हालत काफी गंभीर हो गई तो नेहरू शताब्दी अस्पताल जयंत में 25 फरवरी 2025 को भर्ती कराया गया। जानकारी पाकर वह वहां पहुंचे देखा कि उनकी पुत्री की हालत काफी गंभीर थी। रात में वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। वाराणसी में उपचार शुरू होने के कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई।
इन-इन धाराओं के तहत दर्ज किया गया केस
शव लेकर वहां से मायके पक्ष के लोग अनपरा पहुंचे। बृहस्पतिवार को पुलिस को प्रकरण की तहरीर दी गई। इसके आधार पर अनपरा पुलिस ने बीएनएस की धारा 80(2), 90(1) और डीपी एक्ट की धारा 3/4 के तहत केस दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक प्रकरण की छानबीन की जा रही है।