Sonbhadra News: दिल्ली में हुई जीत की खुशियां मनाकर लौटे भाजयुमो नेता का संदिग्ध हाल में शव पाए जाने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Sonbhadra News: दिल्ली में हुई भाजपा की जीत को लेकर, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को जश्न मनाकर घर के लिए लौटे भाजयुमो कार्यकर्ता का संदिग्ध हाल में रविवार को शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा पाया गया।;

Update:2025-02-09 19:15 IST

Sonbhadra News (Photo Social Media)

Sonbhadra News: दिल्ली में हुई भाजपा की जीत को लेकर, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को जश्न मनाकर घर के लिए लौटे भाजयुमो कार्यकर्ता का संदिग्ध हाल में रविवार को शव पाए जाने से सनसनी फैल गई। शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा पाया गया। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई। देर शाम शव घर वालों को सुपुर्द कर दिया गया। मौत की सही वजह क्या है? इसकी जानकारी के लिए जहां पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वहीं, परिवार वालों की तरफ से दी गई तहरीर को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस घटना की हर पहलू से छानबीन जारी रखे हुए है।

बताया गया कि पन्नूगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के रहने वाले आलोक पांडेय पुत्र महेंद्र देव पांडेय शनिवार को जिला मुख्यालय आए हुए थे। भारतीय जनता युवा मोर्चा का जिला कार्य समिति सदस्य होने के नाते उन्होंने शाम को पार्टी कार्यालय पर पार्टीजनों के साथ, दिल्ली में हुई जीत का जश्न मनाया। इसके बाद बाइक से घर के लिए वापस हो लिए। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचे तो परिवार के लोग चिंतित हो उठे। खोजबीन भी की गई लेकिन कहीं पता नहीं चला। कॉल करने पर मोबाइल स्वीच्ड आफ मिला।

पुलिस ने दी घर वालों को शव मिलने की सूचना

रविवार की सुबह किसी ने पन्नूगंज पुलिस को बकवार गांव के पास सड़क किनारे पुलिया के नीचे झाड़ियों में एक युवक का शव पड़े होने की जानकारी दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि युवक के उपर बाइक गिरी प़ड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिर में गंभीर चोट के निशान थे। आस-पास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई तो पता चला कि मृत पाया गया युवक भाजयुमो नेता आलोक पांडेय है। इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों को इसकी जानकारी दी। घटना की खबर पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। भागते हुए परिजन पुलिस द्वारा बताई गई जगह पर पहुंचे तो देखा कि आलोक का शव पड़ा हुआ था।

मौके पर दिखी परिस्थितियों के आधार पर जहां पुलिस प्रथमदृष्टया इसे सड़क दुर्घटना का मामला मानती रही। वहीं, परिवार वाले सिर पर गंभीर चोट के निशान और मौके की स्थिति को देखते हुए हत्या की आशंका जताते रहे। इसके लेकर परिवारीजनों की तरफ से एक तहरीर भी पुलिस को सौंपी गई और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई। उधर, जैसे ही इस हादसे की खबर भाजपा के लोगों को मिली कोहराम मच गया। कई भाजपा नेता पीएम हाउस पहुंचे। परिवारीजनों को ढांढ़स बंधाया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी सहित अन्य भाजपाइयों ने पुलिस से इस मामले की गहन जांच और हत्या के सही कारणों को सामने लाने की मांग की। पुलिस का कहना था कि प्रथमदृष्टया स़ड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। परिजनों की तरफ से हत्या की आशंका जताई गई है। इसको देखते हुए हर पहलू से घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मौत का सही कारण जानने के लिए पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में भी बनी हुई थी पहचान

भाजयुमो नेता आलोक पांडेय की पहचान इलाके में एक सक्रिय आरटीआई कार्यकर्ता के रूप में बनी हुई थी। कई मामलों के खुलासे में भी आलोक की भूमिका अहम मानी गई थी। कहीं यह हादसा किसी आरटीआई के मामले से तो जुड़ा नहीं, इसको लेकर भी चर्चाएं होती रही। फिलहाल हत्या है या सड़क हादसा? इसको लेकर जांच की मांग उठ रही है। पीएम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में क्या निष्कर्ष सामने आता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Tags:    

Similar News