Sonbhadra News: मां जगदंबा के जयकारे से गूंजा चप्पा-चप्पा, छात्राओं ने महिषासुरमर्दिनी नृत्य की दी मनमोहक प्रस्तुति

Sonbhadra News: अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि जिले में 457 स्थलों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित किया गया है। उसमें 447 ऐसे स्थल हैं, जहां पूजा पंडाल सजाए गए हैं। 89 स्थलों पर रामलीला का आयोजन किया गया है।

Update:2024-10-10 18:25 IST

Sonbhadra News (Pic-Newstrack)

Click the Play button to listen to article

Sonbhadra News: महाअष्टमी पर्व के अवसर पर जिले का कोना-कोना मां जगदंबा की आराधना व भक्ति में डूबा रहा। वहीं विद्यालयों में नृत्य नाटिका के माध्यम से शक्ति की उपासना का महत्व समझाने के साथ ही मां महिषासुरमर्दिनी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। वहीं पूजा पंडालों में उमड़ने वाली भीड़ व जगह-जगह उमड़े आस्था के सैलाब को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

457 स्थलों पर स्थापित की गई है मां दुर्गा की प्रतिमा

अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय कालू सिंह ने बताया कि जिले में 457 स्थलों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित किया गया है। उसमें 447 ऐसे स्थल हैं, जहां पूजा पंडाल सजाए गए हैं। 89 स्थलों पर रामलीला का आयोजन किया गया है। वहीं विजयादशमी के दिन 81 स्थलों पर रावध वध की तैयारी की गई है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम बीएन सिंह की तरफ से पूरे जिले में धारा 144 लागू कर दिया गया है। प्रत्येक पूजा पंडाल पर प्रतिमा स्थापना स विसर्जन तक क लिए एक कांस्टेबल की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा महिला कांस्टेबल सहित अन्य पुलिस फोर्स की लगातार निगरानी-तैनाती बनी हुई है। इंस्पेक्टर की अगुवाई में भी पुलिस फोर्स लगातार निगरानी बनाए हुए है।

महिषासुरमर्दिनी नृत्य और विजय पर्व की लीला ने किया मंत्रमुग्ध

जिला मुख्यालय स्थित संत जेवियर्स उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बृहस्पतिवार को शक्ति पर्व यानी नवरात्रि और विजय पर्व यानी दशहरा के उपलक्ष्य में भक्तिपरक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। प्रभारी प्रधानाध्यापक सिस्टर फ्रिस्का बरला ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कक्षा 7 की छात्राओं ने दुर्गा स्तुति पर आधारित मां महिषासुरमर्दिनी नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा 7 से 10 के विद्यार्थियों ने श्रीराम के राजतिलक की तैयारी, वनवास, रावण वध और प्रभु राम के अयोध्या वापसी की लीला मंचित कर, दो दिन पहले ही मौजूद लोगों को दशहरा पर्व का एहसास करा दिया। कक्षा 5 से आठ तक के विद्यार्थियों ने नृत्य नाटिका के जरिए रामजन्म से लेकर राम के राजतिलक तक की झलक प्रस्तुत की। कक्षा आठ की छात्रा जरीन फातिमा ने बुराई पर अच्छाई के विजय के रूप में मनाए जाने वाले दशहरा पर्व के बारे में बताया।

बुराइयों पर विजय प्राप्त करने की दी गई सीख

शिक्षिका उर्मिला यादव ने नवरात्रि और विजयादशमी से जुड़े प्रमुख बिंदुओं का जिक्र करते हुए, बुराइयों पर विजय प्राप्त कर आगे बढ़ने की सीख दी। सिस्टर फ्रिस्का बरला ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन शिक्षक आशुतोष पाठक द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षक रामेश्वर धर, प्रदीप कुमार, आदर्श कुमार, जगदंबा प्रसाद, शिवनाथ सिंह, अभिषेक चार्ल्स, चंदन पटेल, शिक्षिका श्वेता सोलोमन, शकिला जैदी, सबिहा बेगम, सौम्या, शिवानी सिंह, मंजूषा वर्मा सहित अन्य की मौजूदगी बनी रही।

Tags:    

Similar News