सुल्तानपुर सीट पर उम्मीदवार बदल सकती है सपा! अखिलेश यादव से मिले संजय सिंह, मेनका गांधी की बढ़ी मुश्किलें

Lok Sabha Election 2024: शुक्रवार को आप नेता संजय सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। अब इस मुलाकात के बाद से ही यूपी की सुल्तानपुर लोकसभा सीट पर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस सीट से संजय सिंह चुनाव लड़ सकते हैं।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-04-13 09:59 GMT
आप नेता संजय सिंह और सपा नेता अखिलेश यादव 

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के जेल जाने से उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी पर संकट के बादल छाए हुए हैं। बीते दिन यानी शुक्रवार को सांसद संजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। बता दें, संजय सिंह बीते कुछ महीनों से जेल में थे। हाल ही में वह रिहा हुए हैं। रिहाई के बाद इंडिया गठबंधन के किसी नेता के साथ संजय सिंह की ये पहली मुलाकात थी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने लोकसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में सपा और विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवारों को बिना किसी शर्त के समर्थन देने की घोषणा की है। समर्थन देने का ऐलान अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और संजय सिंह (Sanjay Singh) ने संयुक्त प्रेस कॉन्फेंस के दौरान किया। दोनों नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस बात पर अधिक जोर दिया कि लोकसभा चुनाव “लोकतंत्र और संविधान की रक्षा” के लिए महत्वपूर्ण हैं।


सुल्तानपुर सीट से संजय सिंह के चुनाव लड़ने की है चर्चा

शुक्रवार को हुए संजय सिंह और अखिलेश यादव की इस औपचारिक मीटिंग के बाद सुल्तानपुर लोकसभा सीट (Sultanpur Lok Sabha Seat) पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दरअसल, सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा तेज है कि विपक्षी गठबंधन इंडिया के तहत सपा सुल्तानपुर लोकसभा सीट को आम आदमी पार्टी को दे सकती है। बता दें, आप भी 'इंडिया गठबंधन' का हिस्सा है। हालांकि, सुल्तानपुर लोकसभा सीट इंडिया गठबंधन (INDI Alliance) के तहत समाजवादी पार्टी के खाते में है।

मेनका के खिलाफ संजय सिंह के चुनाव लड़ने से दिलचस्प होगा मुकाबला

सपा बीते कुछ दिनों में कई बार अपने उम्मीदवारों की टिकट बदल चुकी है। जिससे हर रोज प्रदेश के सियासी समीकरण बदल रहे हैं। अब कयास यह लगाए जा रहे हैं कि आप नेता संजय सिंह सुल्तानपुर से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में अगर संजय सिंह सुल्तानपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते हैं तो बीजेपी उम्मीदवार मेनका गांधी (BJP Candidate Maneka Gandhi) की जीत के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

बता दें, संजय सिंह का गृहजनपद सुल्तानपुर है। आप नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी से सुल्तानपुर की जनता में भाजपा के खिलाफ नाराजगी थी। अब संजय सिंह जेल से बाहर आ चुके हैं। ऐसे में अगर वह मेनका गांधी के सामने विपक्षी उम्मीदवार बनकर चुनावी मैदान में उतरते हैं तो इस सीट पर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Tags:    

Similar News