Sultanpur News: पति ने पत्नी को चाकुओं से गोदा, हालत गंभीर, पति फरार

Sultanpur News: बाबागंज चौराहा पर पति ने पत्नी को चाकू से लहूलुहान कर दिया और खुद मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Report :  Taaquweem Fatma
Update: 2024-07-17 11:35 GMT

 Symbolic Image (Pic: Social Media)

Sultanpur News: सुल्तानपुर के हलियापुर थानाक्षेत्र अंतर्गत बाबागंज चौराहा पर पति ने पत्नी को चाकू से लहूलुहान कर दिया और खुद मौके से फरार हो गया। घायल अवस्था में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार हलियापुर क्षेत्र अंतर्गत बाबागंज चौराहा से गौहनिया मजरे हलियापुर सड़क पर साहब सरन यादव पुत्र राम लखन यादव निवासी पूरे झूरहू मजरे हलियापुर के मकान में किराए पर पति पत्नी रह रहे थे। मंगलवार रात किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में आकर पति रामपदारथ ने पत्नी करिश्मा मौर्या निवासी रसौली मजरे पटरंगा जनपद बाराबंकी को चाकू से मारकर घायल कर दिया। वो रात में ही फरार हो गया।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने रेफर किया ट्रामा सेंटर 

सुबह पड़ोस में रहने वाले दूसरे किरायेदार जागे तो घटना की जानकारी हुई। किराएदार ने मकान मालिक को सूचना दी। पुलिस भी मौके पर आई और एम्बुलेंस से सौ शैय्या पिठला अस्पताल कुमारगंज ले पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए ट्रामा सेंटर अयोध्या के लिए रेफर कर दिया। घायल करिश्मा का इलाज वहां चल रहा है। दबी जुबान कुछ लोग बात कर रहे थे कि अभी लगभग दस दिन पहले दोनों किराए पर मकान लिए थे।

तहरीर मिलने पर की जाएगी कार्रवाई - थानाध्यक्ष

रामपदारथ कहीं ट्रक चलाता है अक्सर वह बाहर रहता था। पत्नी कमरे में रहा करती थी दो दिन पहले राम पदारथ गाड़ी से कमरे पर आया था। दोनों पति पत्नी बताते थे मगर देखने पर ऐसा लगता था कि अभी दोनों की शादी नहीं हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्यवाही की जाएगी। मकान मालिक ने अभी तक थाने पर किराएदारों का वेरिफिकेशन नहीं कराया है। इसलिए पति राम पदारथ के घर का पता जानकारी में नहीं है।

Tags:    

Similar News