Yogi Government 2.0: केशव प्रसाद मौर्य का डिप्टी सीएम बनना लगभग तय!

Yogi Government 2.0: उत्तराखंड में हाईकमान के फैसले से लगभग साफ हो गया है कि चुनाव हारने के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य को फिर से प्रदेश में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-03-21 14:43 GMT

केशव प्रसाद मौर्य: Photo - Social Media

Yogi Government 2.0: उत्तराखंड (Uttarakhand) में विधानसभा का चुनाव हारने वाले पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) को मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा के बाद अब पड़ोसी राज्य यूपी में मंत्रिमंडल गठन (Cabinet formation in UP) को लेकर गतिविधियां तेज हो गयी है। प्रदेश में नए मंत्रिमंडल को लेकर संभावना इस बात की है कि पुराने मंत्रिमंडल की तरह ही इस नए मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा।

उत्तराखंड में हाईकमान के फैसले से लगभग साफ हो गया है कि विधानसभा चुनाव हारने के बावजूद केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) को फिर से प्रदेश में डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। केशव प्रसाद मौर्य उच्च सदन यानी विधानपरिषद के सदस्य पहले से ही हैं।

भाजपा के टाप लीडरों में गिने जाते हैं केशव

मौर्य यूपी भाजपा (BJP) के टाप लीडरों में गिने जाते हैं। साल 2012 में वह सिराथू विधानसभा सीट से विधायक बने थें। इसके बाद 2014 में उन्हे जब लोकसभा चुनाव में उतारा गया तो उन्होंने फूलपुर सीट का चुनाव जीतकर भाजपा की झोली में डालने का काम किया। इसके साथ ही जब वह 2017 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष थें तब उन्होंने लगभग 200 जनसभाएं की जिसके कारण उनका नाम मुख्यमंत्री के लिए भी चला था। लेकिन बाद में उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया।

केशव पूरे प्रदेश में ओबीसी धड़े के बड़े नेता माने जाते हैं। यूपी में मौर्य समाज की आबादी करीब 4 फीसदी है। 12 जिलों में यह आबादी 12 से 15 फ़ीसदी हो जाती है। सिराथू सीट 1993 से 2007 तक बसपा लगातार चार बार जीत चुकी थी। लेकिन 2012 में केशव प्रसाद मौर्य पहली यहां से भाजपा के विधायक बने। लेकिन 2017 में भारतीय जनता पार्टी ने यहां से शीतला प्रसाद को टिकट दिया तो उन्होंने भी जीत दर्ज की।

केशव प्रसाद मौर्य को पल्लवी पटेल ने हराया

लेकिन 2022 में केशव प्रसाद मौर्य को उनकी पुरानी सीट पर उतारा गया पर वो अपना दल (कमेरावादी) की पल्लवी पटेल से चुनाव हार गए। जिसके बाद कहा जा रहा है कि उन्हे शायद इस बार डिप्टी सीएम न बनाया जाए पर उत्तराखंड और मणिपुर में सरकार गठन को लेकर जिस तरह से भाजपा हाईकमान ने प्रदेश के पुराने नेतृत्व पर ही अपना भरोसा जताया है। इससे साफ हो गया है कि केशव प्रसाद मौर्य को फिर से डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।

पूर्वाेतर राज्य मणिपुर में पहली बार विधानसभा चुनाव में स्पष्ट बहुमत पाकर भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक सफलता दिलाने वाले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह पर भाजपा आलाकमान ने एकबार फिर अपना भरोसा जताया है। लगातार दूसरी बार सीएम पद संभालने जा रहे बीरेन सिंह ने आज इंफाल स्थित राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उन्हें राज्यपाल एल. गणेशन ने शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर तैयारियां जोरों पर

उधर शासन के अधिकारियों की एक बैठक आज लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हुई जिसमें इसकी तैयारियों पर दो घंटे तक चर्चा हुई। इसमें कार्यक्रम को भव्य बनाने को लेकर योजना बनाई गयी। वहीं संगठन में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को लेकर भी पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक हुई जिसमें, 25 मार्च के शपथ ग्रहण कार्यक्रम को लेकर लम्बी चर्चा हुई। साथ ही कार्यक्रम में शपथ ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं को लाने पर विचार विमर्श किया गया। बैठक में तय किया गया कि सभी 27,700 शक्ति केंद्रों से आएंगे 2-2 कार्यकर्ता शपथग्रहण समारोह में पहुंचेंगे। इसके अलावा इस इस दिन हर जिले में विशेष पूजा कराई जाएगी।

taja khabar aaj ki uttar pradesh 2022, ताजा खबर आज की उत्तर प्रदेश 2022

Tags:    

Similar News