चर्चित किन्नर गुलशन बिंदु ने थामा कांग्रेस का ‘हाथ’, सियासी जंग कांटेदार होने के आसार

राम जन्मभूमि विवाद को लेकर विश्व पटल पर चर्चा का केंद्र रही राम नगरी में इस बार भी सियासी जंग कांटेदार होने के आसार हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट की देहरी पर होने के चलते भले ही राम मंदिर के नारे और मांग थोड़ी मध्यम हुई हो लेकिन सियासत के अन्य औजारों की जोड़-तोड़ जारी है।

Update: 2019-03-23 13:26 GMT

लखनऊ: राम जन्मभूमि विवाद को लेकर विश्व पटल पर चर्चा का केंद्र रही राम नगरी में इस बार भी सियासी जंग कांटेदार होने के आसार हैं। मामला सुप्रीम कोर्ट की देहरी पर होने के चलते भले ही राम मंदिर के नारे और मांग थोड़ी मध्यम हुई हो लेकिन सियासत के अन्य औजारों की जोड़-तोड़ जारी है।

शनिवार को कांग्रेस ने किन्नर समाज के प्रदेश अध्यक्ष गुलशन बिंदु किन्नर को पार्टी में शामिल करवा फैजाबाद लोकसभा चुनाव में अपनी सशक्त दावेदारी जताई। यहां से कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री को प्रत्याशी घोषित किया गया है। गत चुनाव वह मोदी लहर में भाजपा के लल्लू सिंह से हार गए थे।

शनिवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पूर्व सांसद और लोकसभा प्रत्याशी डॉ. निर्मल खत्री ने पार्टी कार्यालय कमला नेहरू भवन पर गुलशन बिंदु किन्नर को पार्टी का झंडा सौंप पार्टी में शामिल कराया। किन्नर समाज के प्रदेश अध्यक्ष के पाला बदल कांग्रेस के हमराह होने को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो चली हैं। गुलशन के साथ किन्नर समाज के तमाम लोगों ने कांग्रेस की सद्स्य्ता हासिल की। इस दौरान पीसीसी सदस्य राजेंद्र प्रताप सिंह महानगर अध्यक्ष सुनील पाठक उग्रसेन मिश्रा समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

किन्नर समाज के दादी गुरु के मूल पीठ अयोध्या में किन्नर समाज के देशभर के प्रतिनिधियों और नामचीन चेहरे को एकत्र कर चर्चा में आई गुलशन बिंदु किन्नर ने अपना सियासी सफर नगर पालिका परिषद चुनाव से शुरू किया था। किन्नर समाज की ओर से उनको प्रदेश अध्यक्ष का ओहदा भी हासिल हो गया। फैजाबाद नगर पालिका परिषद चुनाव में निर्दलीय उतरी गुलशन बिंदु किन्नर ने तीसरा स्थान हासिल किया था। इसी दौरान वह सूबे की सत्ता पर काबिज समाजवादी पार्टी की निगाह में आई और सपा के नेताओं ने उन्हें अपनी ओर करने की कवायद शुरू कर दी।

सरकार के मनोरंजन कर राज्य मंत्री तेज नारायण पांडे पवन मैं उनको पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तथा मुख्यमंत्री से मिलवाया और भारतीय जनता पार्टी की ओर से अयोध्या नगर निगम बनाए जाने के बाद गुलशन बिंदु को सपा ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। अयोध्या नगर निगम पर पार्टी का झंडा लहराने की इच्छा भले ही न पूरी हो पाई हो लेकिन कांटेदार चुनौती देकर गुलशन ने अपना कद बढ़ा लिया। इधर दो-तीन दिनों से सियासी हलकों में गुलशन बिंदु के पाला बदलने की दबी जुबान चर्चाएं चल रही थी जो शनिवार को सियासी फलक पर सामने आ गई।

गुलशन बिंदु किन्नर ने कहा कि प्रियंका गांधी की प्रेरणा तथा डॉ. निर्मल खत्री की सादगी ने मुझे कांग्रेस में शामिल होने को मजबूर किया। राम के वनगमन पर हम लोग 14 साल अयोध्या की सेवा करते रहे और फिर राम को लौटने पर सत्ता सौंप दी। अब कांग्रेस को देश की सत्ता सौंपने की तैयारी है।

डॉ. निर्मल खत्री ने कहा कि भाजपा और एनडीए की नीतियों के चलते समाज का हर तबका परेशान है। लोग कुशासन से उब चुके हैं और बदलाव के लिए तैयार बैठे हैं। सभी को एक बार फिर से जनकल्याणकारी कांग्रेस सरकार की दरकार है। गुलशन के सहयोग और समर्थन से यह लक्ष्य हासिल करने में सहायता मिलेगी।

Tags:    

Similar News