दिल्ली से अमेरिका जा रहे जहाज की करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, इस वजह से मचा हड़कंप

Coronavirus: एअर इंडिया के विमान में चमगादड़ मिलने से अफरातफरी मच गई, जिसके बाद फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

Newstrack :  Network
Published By :  Shreya
Update: 2021-05-29 03:31 GMT

एअर इंडिया की फ्लाइट (सांकेतिक फोटो साभार- सोशल मीडिया)

Emergency Landing: दिल्ली से अमेरिका जा रहे एअर इंडिया (Air India) के विमान में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब उसमें एक मृत चमगादड़ (Bat) मिला। चमगादड़ को देख यात्री डर गए, जिसके बाद फ्लाइट के उड़ान भरने के आधे घंटे बाद ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग (Emergency Landing) करानी पड़ी और उड़ान को लौटाना पड़ा। मामले में एयर इंडिया ने जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात करीब 2 बजकर 20 मिनट पर एअर इंडिया के बोइंग विमान ने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट (IGI Airport) से न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरी। उड़ान भरने के आधे घंटे बाद एक केबिन क्रू को विमान के बिजनेस क्लास (Business Class) में एक चमगादड़ दिखा, जो कि मृत था। चमगादड़ के मिलने की सूचना से सभी यात्रियों को कोरोना वायरस (Corona Virus) का डर सताने लगा, ऐसे में विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी।

चमगादड़ का मृत मिलना बहुत बड़ी लापरवाही 

यात्रियों का कहना है कि कोरोना वायरस फैलने की वजह को चमगादड़ ही माना जा रहा है। ऐसे में विमान के अंदर चमगादड़ का मृत मिलना बहुत बड़ी लापरवाही है। जाहिर है कोरोना वायरस महामारी फैलने की वजह चमगादड़ माना जाता रहा है। हालांकि अभी भी इस सवाल का जवाब नहीं मिला है कि आखिर इस वायरस की उत्पत्ति कहां से हुई। ऐसे में चमगादड़ के मिलने से यात्री काफी ज्यादा डर गए थे।

एअर इंडिया विमान (सांकेतिक फोटो साभार- सोशल मीडिया)

एअर इंडिया ने शुरू की मामले की जांच

कोरोना काल में विमान में चमगादड़ के मिलने और यात्रियों के परेशान होने की खबर जब पायलट को दी गई तो पायलट ने एअर ट्रैफिक कंट्रोल से बात कर आईजीआई एयरपोर्ट पर फ्लाइट की एमरजेंसी लैंडिग का फैसला किया। लैंडिंग के बाद एअर इंडिया के दूसरे विमान से सभी यात्रियों को न्यूयॉर्क रवाना किया गया। अब विमान सेवा कंपनि एअर इंडिया ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है कि आखिर विमान में चमगादड़ आया कहां से।

वाइल्ड लाइफ कर्मियों ने विमान से हटाया चमगादड़ 

मिली जानकारी के मुताबिक, पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से परमिशन लेने क बाद फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग कराई। दूसरी ओर मामले की जानकारी पाने के बाद एयरपोर्ट पर कर्मचारी पहले से ही अलर्ट हो गए थे। 2 बजकर 20 मिनट पर रवाना हुई फ्लाइट को 3 बजकर 55 मिनट पर एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंड किया गया। इसके बाद यात्रियों को दूसरे विमान से उनके डेस्टिनेशन के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची वाइल्ड लाइफ कर्मियों की टीम ने विमान से चमगादड़ को हटाया।

वरिष्ठ अधिकारी ने दी ये जानकारी

मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एअर इंडिया की ओर से इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच की जिम्मेदारी सुरक्षा विभाग को सौंपी गई है। उन्होंने संभावना जताई कि खाद्य सामग्री लेकर आने वाली गाड़ियों से चमगादड़ विमान में पहुंचा होगा। बाद में इसकी मौत हो गई होगी।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News