Coronavirus in Japan: चीन के बाद जापान में भी कोरोना से हाहाकार, अमेरिका में भी बढ़ने लगे केस, जानें पूरी दुनिया के हालात

Covid-19 Update: पिछले 24 घंटे के दौरान जापान में कोरोना के 2.06 लाख नए मरीज मिले हैं। यह मरीजों का दुनिया में सबसे बड़ा आंकड़ा है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2022-12-22 05:05 GMT

Coronavirus in Japan (photo: social media )

Coronavirus in Japan: दुनिया के कई देशों में कोरोना के नए मरीजों की संख्या में जबर्दस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई है। चीन के साथ ही दुनिया के कई अन्य देशों में कोरोना की बढ़ती रफ्तार से हड़कंप मच गया है। इस महामारी से चीन के बाद जापान में भी हाहाकार मच गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान जापान में कोरोना के 2.06 लाख नए मरीज मिले हैं। यह मरीजों का दुनिया में सबसे बड़ा आंकड़ा है।

अमेरिका में भी कोरोना ने रफ्तार पकड़ ली है और पिछले 24 घंटे में 50 हजार नए मरीज मिले हैं। यदि पूरी दुनिया में मिले मरीजों की बात की जाए तो पिछले 24 घंटे के दौरान पूरी दुनिया में कोरोना के 5.37 लाख नए केस मिले हैं। चीन में आधिकारिक आंकड़ा तो काफी कम बताया जा रहा है मगर कोरोना के कारण पूरे देश में गंभीर स्थिति दिख रही है। पूरी दुनिया में बढ़ते केसों के कारण अब भारत में भी काफी सतर्कता बरती जा रही है।

चीन के बाद दुनिया के कई देश गिरफ्त में

चीन के बाद दुनिया के कई अन्य देशों को भी कोरोना ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है। जापान में नए मरीजों की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान जापान में कोरोना के 2.06 लाख नए मरीज मिले हैं जबकि 296 लोगों की इस महामारी ने जान ले ली। जापान में कोरोना की बढ़ती रफ्तार से हालात गंभीर होते जा रहे हैं।

जापान के साथ ही कई अन्य देशों में भी यह महामारी मुसीबत बनती जा रही है। अमेरिका में पिछले 24 घंटे के दौरान 50 हजार नए केस मिले हैं जबकि 323 लोगों की मौत हुई है। दक्षिण कोरिया में भी इस महामारी ने कहर बरपा रखा है और 88,172 नए मरीज पाए गए हैं। फ्रांस में भी मरीजों का आंकड़ा 54,000 और ब्राजील में 44,000 से ज्यादा है। ब्राजील में पिछले 24 घंटे में इस महामारी ने 197 लोगों की जान ली है। इन देशों के अलावा हांगकांग, ताइवान, जर्मनी और अर्जेंटीना में भी मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है।

चीन में हालात भयावह

चीन के संबंध में दुनिया को सही तस्वीर की जानकारी नहीं हो पा रही है क्योंकि आधिकारिक आंकड़ों में मरीजों की संख्या काफी कम बताई गई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को 3030 नई केस मिलने की बात बताई गई है मगर इस आंकड़े को सही नहीं माना जा रहा है। चीन से जुड़े जो वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, उनसे हालात भयावह होने की जानकारी मिल रही है।

चीन की स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि अस्पतालों में मरीजों के लिए बेताब करना ही बचे हैं और फर्श पर लिटा कर मरीजों का इलाज किया जा रहा है। श्मशान घाटों पर भी शवों का अंबार लगा हुआ है। डब्ल्यूएचओ की ओर से भी चीन में अस्पतालों के मरीजों से पट जाने की बात कही गई है।

डब्ल्यूएचओ ने मांगी चीन से सही जानकारी

डब्ल्यूएचओ की ओर से चीन से कोरोना के संबंध में सही जानकारी मांगी गई है। डब्ल्यूएचओ के इमरजेंसी चीफ और डॉक्टर माइकल रेयान का कहना है कि चीन में आधिकारिक रूप से कम केस दर्ज किए जा रहे हैं। इस कारण देश में कोरोना की सही तस्वीर सामने नहीं आ पा रही है। सच्चाई यह है कि चीन में अस्पताल और आईसीयू कोरोना मरीजों से भरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि इस संक्रामक वायरस को लेकर डब्ल्यूएचओ की ओर से पहले ही सतर्क किया जा रहा था। इसे रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कई अन्य उपायों पर भी काम करना जरूरी है।

Tags:    

Similar News