Rajnath Singh: अब भारत को आंखें दिखाकर कोई नहीं निकल सकता, चीन के बदले रुख का जिक्र करते हुए राजनाथ ने कहा

Rajnath Singh: चीन के रुख में आए बदलाव की चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब चीन ने भी भारत को बड़े वैश्विक आर्थिक खिलाड़ी और रणनीतिक शक्ति के रूप में स्वीकार कर लिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-01-11 07:12 GMT

Defense Minister Rajnath Singh  (photo: social media )

Rajnath Singh: ब्रिटेन के दौरे पर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत का प्रमुखता से जिक्र किया है। रणनीतिक शक्ति के रूप में भारत के उभरने का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने चीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। चीन के रुख में आए बदलाव की चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि अब चीन ने भी भारत को बड़े वैश्विक आर्थिक खिलाड़ी और रणनीतिक शक्ति के रूप में स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने कहा कि भारत अब एक ताकतवर देश के रूप में उभर चुका है और अब यह संभव नहीं कि कोई भारत को आंखें दिखाकर निकल जाए। लंदन में चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित लेख का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने यह बात कही। अपनी ब्रिटेन की यात्रा के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से भी मुलाकात की।

चीन को भी हमारी बढ़ती ताकत का एहसास

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित यह लेख दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत और भारत के प्रति चीन के बदलते रुख की पुष्टि करता है। लंदन के इंडिया हाउस में आयोजित स्वागत समारोह के दौरान राजनाथ सिंह ने महत्वपूर्ण बयान दिया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल टाइम्स में प्रकाशित लेख से साफ है कि चीन की सरकार हमारी आर्थिक और विदेश नीतियों के साथ-साथ हमारे बदलते रणनीतिक हितों को भी स्वीीकार कर रही है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत किसी भी देश को अपने शत्रु के रूप में नहीं देखता, लेकिन पूरा विश्वप जानता है कि भारत और चीन के बीच संबंध फिलहाल तनावपूर्ण हैं। उन्होंशने कहा कि भारत अपने पड़ोसियों और पूरे विश्व के साथ अच्छे संबंध चाहता है मगर किसी की भारत को दबा कर रखने की मंशा कभी पूरी होने वाली नहीं है।

कोई हमें आंखें दिखाकर नहीं निकल सकता

गलवान घाटी में भारतीय सैनिकों के साहस की चर्चा करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसा लगता है कि चीन के रवैए में इसी कारण बदलाव आया है। पूरी दुनिया में अब भारत को कमजोर देश नहीं बल्कि बढ़ती शक्ति के रूप में देखा जा रहा है। अब किसी के लिए ऐसा संभव नहीं है कि जो चाहे वह भारत को आंखें दिखाकर निकल जाए। उन्होंने कहा कि हम अपने सभी पड़ोसियों के साथ ही दुनिया के सभी देशों के साथ अच्छे संबंध बनाए रखना चाहते हैं।

जल्द तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। हम इस दिशा में काफी मजबूती के साथ काम कर रहे हैं। 2075 तक भारत दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की ब्रिटेन यात्रा को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि 22 साल बाद देश का कोई रक्षा मंत्री ब्रिटेन के दौरे पर पहुंचा है। रक्षा मंत्री के साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी ब्रिटेन के दौरे पर पहुंचा है। दोनों देशों के मजबूत होते रिश्ते को इस दौर से नई ऊंचाई मिली है।

ग्लोबल टाइम्स में भारत की बढ़ती ताकत का जिक्र

दरअसल चीन के सरकारी अखबार ग्लोबल टाइम्स में हाल में भारत नैरेटिव शीर्षक से एक महत्वपूर्ण लेख प्रकाशित हुआ था। इस लेख में पिछले 4 वर्षों के दौरान भारत की घरेलू और विदेश स्थिति में आए बदलाव का जिक्र किया गया है। इस लेख में कहा गया है कि भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत बनने की ओर बढ़ रहा है। लेख में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति में आए बदलाव की ओर संकेत किया गया है।

Tags:    

Similar News