UK Election Result 2024: ब्रिटेन में लेबर राज, भारत पर क्या होगा असर?

UK Election Result 2024: कश्मीर जैसे मुद्दों पर लेबर पार्टी के रुख को स्वीकार करते हुए, स्टारमर ने भारत के साथ एक नई रणनीतिक साझेदारी बनाने का वादा किया है।

Written By :  Neel Mani Lal
Update: 2024-07-05 08:25 GMT

keir starmer (photo: social media )

UK Election Result 2024: ब्रिटेन में 2010 से सत्ता से बाहर लेबर पार्टी ने एक "प्रगतिशील यथार्थवाद" की विदेश नीति का वादा किया है। पार्टी ने "ब्रेक्सिट को कारगर बनाने" और यूरोपीय संघ के साथ एक महत्वाकांक्षी सुरक्षा समझौते का भी वादा किया है। नए प्रधानमंत्री कीर स्टारमर की विदेश नीति के एजेंडे का एक और महत्वपूर्ण पहलू यूके-भारत संबंधों को मजबूत करना होगा। कश्मीर जैसे मुद्दों पर लेबर पार्टी के रुख को स्वीकार करते हुए, स्टारमर ने भारत के साथ एक नई रणनीतिक साझेदारी बनाने का वादा किया है। मुक्त व्यापार समझौते, टेक्नोलॉजी, सुरक्षा, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता है।

- स्टारमर के चुनावी घोषणापत्र में भारत के साथ नई रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता शामिल थी। इसमें भारत के साथ व्यापार समझौते पर जोर दिया गया था।

- ब्रिटेन में भारतीय प्रवासियों के साथ तनावपूर्ण संबंधों को सुधारने के लिए, स्टारमर ने अपने अभियान के दौरान भारतवंशियों के साथ मेलजोल के प्रयासों की शुरुआत की, हिंदूफोबिया की निंदा की और दिवाली और होली जैसे त्योहारों का जश्न मनाया। इन का उद्देश्य ब्रिटिश-भारतीय समुदायों के भीतर अधिक विश्वास और समावेश को बढ़ावा देना था।

चुनौतियां भी कम नहीं

हालांकि, स्टारमर की महत्वाकांक्षी विदेश नीति के लक्ष्य हासिल करने की राह में चुनौतियां भी हैं।

- खास तौर पर इमिग्रेशन नीतियों और व्यापार समझौतों के संबंध में दिक्कतें आएंगी।

- इमिग्रेशन को कम करने की दिशा में कोई उपाय करने के लिए लेबर सरकार को कंजरवेटिव पार्टी के सहयोग की जरूरत होगी।

- मुक्त व्यापार समझौते के ब्रिटेन में भारत के कुशल पेशेवरों के लिए अधिक पहुंच की मांग शामिल है। ऐसे में इमिग्रेशन का मसला आड़े आएगा।

- लेबर पार्टी के पुराने नेता कोर्बिन ने कश्मीर मसले पर भारत विरोधी रुख अपनाया था। हालांकि नए पीएम ने इस मसले को "ऐतिहासिक गलतियां" करार दिया है लेकिन देखना बाकी है कि पार्टी में हार्डलाइनर क्या रुख अपनाते हैं।

Tags:    

Similar News