Papua New Guinea Landslide: भूस्खलन से पापुआ न्यू गिनी में स्थिति भयावह, सैकड़ों लोगों की मौत, 150 मकान ध्वस्त
Papua New Guinea Landslide: आस्ट्रेलियन ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन का कहना है कि भूस्खलन से भयावह स्थिति पैदा हो गई है और मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है।;
पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन से सैकड़ों लोगों की मौत, 150 मकान ध्वस्त: Photo- Social Media
Papua New Guinea Landslide: पापुआ न्यू गिनी में भूस्खलन के कारण भयावह मंजर दिख रहा है। भूस्खलन की यह घटना इस दक्षिण प्रशांत द्वीपीय देश की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी से लगभग 600 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में एंगा प्रांत में हुई है। भूस्खलन की इस घटना में पूरा का पूरा गांव तबाह हो गया है।
संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में 670 से अधिक लोगों की मौत हो गई है जबकि डेढ़ सौ मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए हैं। अभी भी जमीन खिसक रही है और लोगों को बचाने और राहत पहुंचाने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास किया जा रहा है।
जमीन खिसकने से हालत अभी भी खराब
पापुआ न्यू गिनी की राजधानी पोर्ट मोरेस्बी में आस्ट्रेलियाई उच्चायोग भूस्खलन से हुई क्षति एवं मौतों का आकलन करने के लिए अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। आस्ट्रेलियन ब्राडकास्टिंग कारपोरेशन का कहना है कि भूस्खलन से भयावह स्थिति पैदा हो गई है और मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ने की आशंका है। संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी के अधिकारी सेरहान एक्टोप्राक का कहना है कि भूस्खलन के कारण हालत काफी खराब बने हुए हैं क्योंकि जमीन अभी भी खिसक रही है।
Photo- Social Media
पूरे देश के लोगों में फैली दहशत
उन्होंने कहा कि काफी मात्रा में पानी भरने के कारण भी लोगों के जीवन के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है। भूस्खलन की घटना के कारण पूरे देश के लोगों में दहशत फैल गई है और लोग बुरी तरह भयभीत दिख रहे हैं। लोगों के खेत पूरी तरह तबाह हो गए हैं और पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।
भूस्खलन के बाद मिट्टी के नीचे दबे शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। क्षेत्र में रहने वाले लोग इस काम में मदद कर रहे हैं और कुदाल व खेती के काम में आने वाले उपकरणों की मदद से बचाव का काम चलाया जा रहा है।
युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है बचाव अभियान
एक्टोप्राक ने बताया कि जो गांव भूस्खलन का शिकार हुआ है, वहां की आबादी करीब चार हजार की है। उन्होंने भूस्खलन के इलाके का विवरण देते हुए बताया कि फुटबॉल के करीब चार मैदानों के बराबर के इलाके में भूस्खलन की यह घटना हुई है। भूस्खलन के बावजूद गांव के कुछ घर बच गए हैं और राहत और बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाकर इन लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि भूस्खलन से केवल घर ही तबाह नहीं हुए हैं बल्कि काफी संख्या में पेड़ों और खेतों में लगी फसलों की भी तबाही हुई है। पापुआ न्यू गिनी के रक्षा मंत्री बिली जोसेफ और सरकार के राष्ट्रीय आपदा केंद्र के डायरेक्टर लासो मन इलाके में चलाए जा रहे बचाव अभियान पर नजर रखे हुए हैं।
Photo- Social Media
अभी भी काफी लोगों के दबे होने की आशंका
इलाके के लोगों का कहना है कि तेज आवाज के साथ भूस्खलन की यह घटना हुई और पहाड़ की चट्टानें धसक गईं। अभी भी काफी लोगों के नीचे दबे होने की आशंका है। माना जा रहा है कि बचाव अभियान पूरा होने के बाद मृतकों की सही संख्या का पता लग सकेगा। जमीन के अभी भी खिसकने के कारण बचाव अभियान में बाधा आ रही है।
प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने भूस्खलन में मरने वाले लोगों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि मृतकों के बारे में पूरी जानकारी इकट्ठा होने के बाद बताया जाएगा। इस बीच ऑस्ट्रेलिया ने भूस्खलन की इस घटना पर शोक जताते हुए मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है।