सेन नदी का पानी पेरिस में घुसा, मोनालिसा के लिए मशहूर लूव्र बंद

Update: 2016-06-03 21:54 GMT

पेरिसः यूरोप के कई हिस्सों के साथ ही फ्रांस की राजधानी पेरिस में सेन नदी में पानी का स्तर बीते 30 साल में सबसे ऊपर पहुंच गया है। तूफान और भारी बारिश की वजह से सेन का पानी पेरिस के कई हिस्सों में घुस गया है। हालात ये हो गए हैं कि शहर के बीच में स्थित कलाकृतियों के लिए मशहूर लूव्र म्यूजियम को भी बंद करना पड़ा है। इसी म्यूजियम में लियोनार्दो दा विंची की मशहूर पेंटिंग मोनालिसा भी रखी है।

सेन के किनारे लगाए जा रहे बैरियर

जर्मनी और फ्रांस के कई हिस्सों में बाढ़ आई हुई है। पेरिस में सेन नदी के दोनों ओर बैरियर लगाए जा रहे हैं। मोनालिसा समेत अन्य कलाकृतियों के लिए दुनियाभर में मशहूर लूव्र म्यूजियम को भी शुक्रवार को बंद कर दिया गया, ताकि तहखानों में पड़ी मूर्तियों और कलाकृतियों को सुरक्षित रखा जा सके। लूव्र के साथ ऑर्से म्यूजियम को भी बंद किया गया है। किसी जमाने में यह पेरिस का रेलवे स्टेशन था। अब यहां इम्प्रेशनिस्ट पेंटिंग का दुनिया का सबसे बड़ा संग्रह है।

पेरिस में उफनाई सेन नदी का पानी कई इलाकों में घुस गया है

नदी ले सकती है विकराल रूप

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को सेन में पानी का स्तर छह मीटर पहुंच सकता है। इससे पहले साल 1910 में यह 8.6 मीटर पहुंचा था। उस समय हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा था। फ्रांस के कई गांव भी पहली बार बाढ़ का सामना कर रहे हैं। हजारों लोगों को घर छोड़ना पड़ा है। करीब 20 हजार घरों में बिजली नहीं है।

मुआवजे पर सरकार ने की चर्चा

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांसुआ ओलांद ने मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है। इसमें आपात स्थिति घोषित करने पर चर्चा होगी चर्चा होगी और साथ ही ये भी तय होगा कि पीड़ितों को कितना मुआवजा दिया जाए। उधर, जर्मनी में बाढ़ के कारण 10 लोगों की जान गई है। पुलिस का कहना है कि तीन लापता लोगों की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News