Russia Ukraine Update: यूक्रेन-अमेरिका पर लगाए गए रूस के आरोपों पर यूएन में होगी चर्चा

Russia Ukraine Update: रूस लगातार यूक्रेन पर कब्ज़ा करने की कोशिश में लगा हुआ है। अब रूस द्वारा यूक्रेन पर जैविक हथियारों को लेकर लगाए गए आरोपों में संयुक्त राष्ट्र का बड़ा बयान आया है।

Newstrack :  Network
Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-03-11 13:48 GMT

संयुक्त राष्ट्र (फोटो-सोशल मीडिया)

 

Russia Ukraine Update: रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के दो हफ्ते से ज्यादा समय बीतने वाला है। रूस लगातार यूक्रेन पर कब्ज़ा करने की कोशिश में लगा हुआ है। इस बीच अब रूस द्वारा यूक्रेन पर जैविक हथियारों को लेकर लगाए गए आरोपों में संयुक्त राष्ट्र का बड़ा बयान आया है। जिसमें संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि जैविक हथियारों को लेकर रूस द्वारा लगाए गए आरोपों पर संयुक्त राष्ट्र (United Nation) चर्चा करेगा। 

ताजा जानकारी के अनुसार, जैविक हथियारों को लेकर रूस को आरोपों पर यूएन चर्चा करेगा। इन आरोपों में यूक्रेन के साथ रूस ने अमेरिका पर भी कई आरोप मड़े थे। ऐसे में यूक्रेन ने रूस के उन आरोपों को भी खारिज कर दिया है जिसमें रूस ने अमेरिका और यूक्रेन दोनों देशों को लेकर कहा था कि यूक्रेन अमेरिका के सहयोग से देश में बायोलॉजिकल हथियारों का निर्माण कर रहा है।

इस आरोप को खारिज करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनके भी दो बच्चे हैं और वो एक जिम्मेदार देश के राष्ट्रपति है। उनके देश में भारी तबाही मचाने वाले किसी तरह के जैविक हथियार का निर्माण नहीं हुआ है।

बता दें, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने शुक्रवार की सुबह एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में उन्होंने रूस को जैविक हथियारों के इस्तेमाल को लेकर चेतावनी दी। साथ ही कहा कि अगर रूस यूक्रेन के खिलाफ जैविक हथियारों का इस्तेमाल करता है तो उसे अब तक के सबसे गंभीर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।

वहीं इस वीडियो में राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, 'मैं एक जिम्मेदार देश का राष्ट्रपति हूं, हम एक जिम्मेदार देश हैं। मैं दो बच्चों का पिता हूं। मेरे देश की जमीन पर किसी तरह का केमिकल हथियार या भारी तबाही मचाने वाला कोई हथियार नहीं बनाया गया है।'

आगे उन्होंने कहा, 'पूरा विश्व ये बात जानता है। आप सब ये बात जानते हैं। और अगर रूस हमारे खिलाफ इस तरह का कोई हथियार इस्तेमाल करता है तो उसे अब तक के सबसे गंभीर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।'


Tags:    

Similar News