Russia–Ukraine War: रूस में मेटा चरमपंथी संगठन घोषित, अदालत ने फेसबुक और इंस्टाग्राम पर लगाया बैन

Russia–Ukraine War: रूसी अदालत ने फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा को चरमपंथी संगठन घोषित कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रूस में प्रतिबंध हो चुके हैं।

Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-03-21 16:28 GMT

राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन: Photo - Social Media

New Delhi: रूस और यूक्रेन (Russia–Ukraine War) के बीच जंग खींचती चली जा रही है। इसी के साथ बाकी दुनिया से भी कटता जा रहा है। वैश्विक स्तर पर बड़े आर्थिक प्रतिबंध झेल रहे रूस ने अब उन मल्टीनेशल अमेरिकी कंपनियों पर पलटवार करना शुरू कर दिया है जो खुलकर जंग में यूक्रेन का समर्थन कर रहे हैं और रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन की आलोचना कर रहे हैं। सोमवार को एक ऐसी ही कार्रवाई में रूसी अदालत ने फेसबुक (Facebook) और इंस्टाग्राम (Instagram) की पैरेंट कंपनी मेटा को चरमपंथी संगठन घोषित कर दिया है। इसी के साथ अब ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रूस में प्रतिबंध हो चुके हैं। रूसी समाचार एजेंसी तास ने इस संबंध में जानकारी दी है।

रूसी सरकार पहले ही कर चुकी है बैन

रूस और यूक्रेन के बीच जंग (Russia Ukraine War) छिड़ने के कुछ ही दिनों बाद रूस ने सबसे पहले फेसबुक फिर इंस्टाग्राम पर बैन लगा दिया था। दरअसल यूक्रेन पर रूसी सैन्य आक्रमण के बाद मेटा ने कहा था कि वो रूस के लोगों के लिए अपने हेट स्पीच की पॉलिसी में बदलाव कर रहा है। इस बदलाव के बाद रूसी कार्रवाई से नाराज वहां के लोग अपने राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन (President Vladimir Putin) के खिलाफ हिंसक और भड़काऊ पोस्ट कर सकते थे। कंपनी के इस कदम पर पुतिन प्रशासन भड़क गया और उसने मेटा के दोनों ऐप इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रतिबंध लगा दिया।

Photo - Social Media

रूसी समाचार एजेंसी इंटरफैक्स के मुताबिक, उसी दौरान रूसी अभियोजक जनरल के कार्यालय ने एक रूसी अदालत से मेटा को एक चरमपंथी संगठन के रूप में वर्गीकृत करने के लिए कहा था। रूसी अदालत की हालिया कार्रवाई को इसी से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल जंग छिड़ने के बाद से रूस में अबतक तमाम दिग्गज टेक कंपनियों ने या तो अपना कारोबार बंद कर दिया है या सस्पेंड कर दिया है।

यूक्रेन पर हमला जारी

इस बीच यूक्रेन पर हमला जारी है। दोनों देशों के बीच जंग का आज 26वां दिन है। रूस ने सोमवार को राजधानी कीव स्थित एक शॉपिंग मॉल पर बम बरसाया है। जिसमें छह लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा सूमी शहर के एक केमिकल प्लांट में रूसी हमले के कारण अमोनिया का लीकेज हो गया है। इसके बाद प्लांट के पांच किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को यहां से सुरक्षित जगह जाने के लिए कहा गया है। वहीं यूक्रेन ने एकबार फिर रूस के सामने सरेंडर करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया है।

Tags:    

Similar News