Narendra Modi Birthday: गरीबों के मसीहा और उपलब्धियों का प्रचार, मोदी के जन्मदिन पर 3 हफ्ते का मेगा इवेंट

Narendra Modi Birthday: पीएम मोदी की राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियों के प्रचार के लिए BJP देश भर में 3 हफ्ते का मेगा इवेंट चलाएगी।

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Shreya
Update:2021-09-09 11:34 IST

पीएम नरेंद्र मोदी (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Narendra Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियों के प्रचार के लिए भाजपा (BJP) देश भर में तीन सप्ताह का मेगा इवेंट (Mega Event) चलाएगी। घर घर तक मोदी के जीवन और उनकी उपलब्धियों की गाथा पहुंचाई जाएगी। 'सेवा और समर्पण' नाम से चलाए जाने वाले इस अभियान में गरीबों के मसीहा और युग पुरुष के रूप में उनके कामों और कल्याणकारी नीतियों का वर्णन प्रस्तुत किया जाएगा।

अपने तरह के इस अभूतपूर्व प्रचार अभियान में 'थैंक यू मोदी जी' (Thank You Modi Ji) के करोड़ों पोस्टकार्ड, मोदी की फोटो वाले राशन बैग, नदियों की सफाई से लेकर सोशल मीडिया पर हाई वोल्टेज ब्रांडिंग शामिल है। पूरा फोकस मोदी के जीवन और उनकी उपलब्धियों पर रहेगा। 

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

भाजपा (BJP) का यह अभियान प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के जरिये दलितों और वंचित तबके के लोगों तक मोदी सरकार (Modi Government) की नीतियों को पहुंचाने का काम किया जाएगा।

2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से भाजपा उनके जन्मदिन को 'सेवा दिवस' (Seva Diwas) के रूप में मनाती रही है। हर साल एक सप्ताह के लिए देश भर में अलग अलग गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर 20 दिन कर दिया गया है क्योंकि मोदी चुनावी राजनीति में दो दशक पूरे कर रहे हैं। इसका उद्देश्य अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हर छोटी बड़ी उपलब्धियों पर फोकस करना है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

क्या क्या होगा

- 14 करोड़ राशन बैग गरीबों में बांटे जाएंगे। हर बैग पर मोदी की फोटो छपी होगी। इसके जरिये पीएम गरीब कल्याण योजना के लिए मोदी को धन्यवाद कहा जायेगा। कोरोना महामारी के दौरान गरीबों को प्रतिव्यक्ति 5 किलो राशन बांटा जा रहा है। भाजपा शासन वाले राज्यों में 2.16 करोड़ राशन बैग अबतक बांटे जा चुके हैं।

- महामारी के दौरान मदद मिलने के लिए मोदी को धन्यवाद देते हुए गरीब कल्याण योजना के लाभार्थियों के वीडियो प्रचारित किये जायेंगे। इसके जरिये बताया जाएगा कि गरीबों के मसीहा मोदी जी ही हैं।

- गरीबों के कल्याण के लिए मोदी के योगदान पर उनको धन्यवाद देने वाले 5 करोड़ पोस्ट कार्ड भेजे जाएंगे। देश भर में बूथ लेवल पर 'थैंक यू मोदी जी' वाले पोस्टकार्ड सीधे प्रधानमंत्री मोदी को पोस्ट किए जाएंगे।

- ये मोदी का 71 वां जन्म दिन होगा। इस बार देश में 71 जगहों पर नदियों की सफाई की जाएगी।

- कोरोना वैक्सीन के लिए लोगों के थैंक यू वाले वीडियो चलाये जाएंगे।

- मोदी के जीवन और उपलब्धियों पर जिला व राज्य लेवल पर बैठकें और सेमिनार आयोजित किये जायेंगे जिनमें अलग अलग क्षेत्रों से जुड़े नामचीन लोग शिरकत करेंगे।

- कोरोना के दौरान जो बच्चे अनाथ हो गए और जो पीएम केयर्स स्कीम के तहत आते हैं उनके पंजीकरण का अभियान चलेगा।

- पीएम को भेंट में मिले स्मृति चिन्हों की नीलामी में भागीदारी के लिए जनता को प्रोत्साहित किया जाएगा।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News