Mumbai Rape Case: मुंबई में 'निर्भया कांड', महिला से रेप के बाद हमला, मौत
Mumbai Rape Case: मुंबई में एक महिला के साथ रेप के बाद उस पर बर्बरता से हमला किया गया, जिस वजह से पीड़िता ने आज दम तोड़ दिया।;
सांकेतिक फोटो- न्यूजट्रैक
Mumbai Rape Case: देश में महिलाओं के प्रति अत्याचार की घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। दिल को झकझोर देने वाला ताजा मामला देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से सामने आया है, जहां पर एक बार फिर से निर्भया जैसी दरिंदगी को दोहराया गया है। साकीनाका इलाके में 30 साल की एक युवती के साथ रेप के बाद उस पर हमला किया गया, जिसके बाद गंभीर हालत में उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था, जहां पर उसने आज दम तोड़ दिया। फिलहाल इस मामले में आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मुंबई के साकीनाका इलाके में एक सड़क के किनारे खड़े एक टेंपो में एक 30 साल की युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उस पर हमला किया गया। वहीं, दूसरी ओर पुलिस को जानकारी मिली कि खैरानी रोड के पास एक व्यक्ति एक महिला की पिटाई कर रहा है, जिसके बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और चंद घंटों के अंदर ही 45 वर्षीय आरोपी मोहन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। महिला को इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां जिंदगी और मौत के बीच झूलते हुए आज उसकी मौत हो गई। इस घटना में आरोपी ने युवती के साथ दिल्ली के निर्भया कांड सी बर्बरता की। युवती को प्रताड़ित करने के लिए आरोपी ने लोहे की मोटी रॉड का प्रयोग किया है। इसे दिल्ली कांड की तरह ही युवती के प्राइवेट पार्ट में डाल दिया था।
सरिया डालने की वजह से आंत बाहर आ गई थी
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, महिला के साथ रेप की घटना को अंजाम देने के बाद उसके निजी अंगों में लोहे की छड़ से हमला किया गया था। सरिया डालने की वजह से महिला की आंत बाहर आ गई थी। उधर, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 307 और और 376 (बलात्कार) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। पुलिस पीड़िता के होश में आने का इंतजार कर रही थी, ताकि उसका बयान लिया जा सके।
निभर्या कांड की याद दिलाती है यह घटना
मुंबई में हुई इस वारदात ने साल 2012 के निर्भया कांड को ताजा कर दिया है। याद दिला दें कि दिसंबर 2012 में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चलती बस में एक युवती के साथ गैंगरेप किया गया, इसके बाद उस पर बेरहमी से हमला किया गया। जिस वजह से पीड़िता ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन कई सालों के संघर्ष के बाद उसे न्याय मिला और आरोपियों को फांसी की सजा दी गई।
दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।